03.30 PM
03.30 PM
कमजोर शुरुआत के बाद बाजार में शानदार रिकवरी आई। इस रिकवरी के पीछे वजह रही वित्त मंत्री से ECONOMIC STIMULUS की उम्मीद। दिन के निचले स्तर से NIFTY में अच्छी रिकवरी आई और ये 10,800 के पार बंद होने में कामयाब रहा लेकिन ये हफ्ता बाजार में गिरावट के नाम रहा। इस हफ्ते निफ्टी और सेंसेक्स दुनिया के सबसे कमजोर सूचकांकों में से एक रहे।
आज के कारोबार में मिड और स्मॉल कैप शेयरों में भी अच्छी रिकवरी देखने को मिली। कारोबार के अंत में बीएसई का मिड कैप इंडेक्स 0.93 फीसदी और स्मॉल कैप इंडेक्स 0.55 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। तेल-गैस शेयरों से भी अच्छी बढ़त रही। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 3.35 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है।
बैंकिंग शेयरों पर भी शुरुआती दबाव रहा लेकिन दिन का कारोबार आगे बढ़ने के साथ ही इसमें भी रिकवरी देखने को मिली। पीएसयू बैंक शेयरों में जोरदार खरीदारी लौटी जिसके चलते निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा लेकिन प्राइवेट बैंक शेयरों में दबाव रहा जिसके चलते निफ्टी का प्राइवेट बैंक इंडेक्स 0.33 फीसदी टूटकर बंद हुआ।
आज के कारोबार में बैंकिंग, एफएमसीजी और प्राइवेट बैंक शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। वहीं ऑटो, आईटी, मेटल, मीडिया, फार्मा, रियल्टी और पीएसयू बैंक शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।
कारोबार के अंत में सेंसेक्स 228.23 अंक यानी 0.63 फीसदी की बढ़त के साथ 36701.16 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 88 अंक यानी 0.82 फीसदी की मजबूती के साथ 10829.35 के स्तर पर बंद हुआ है।
03:22 PM
केबल टीवी ऑपरेटर Den Networks के शेयर लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में चढ़े हैं। शुक्रवार को इंट्रा डे में कंपनी के शेयर 9.8 फीसदी बढ़कर 97.70 रुपए प्रति शेयर पर पहुंच गए हैं। इस हफ्ते Den Networks के शेयरों में कुल 38.5 फीसदी की तेजी आई है।
03:15 PM
MOODYS ने भारत का GDP ग्रोथ अनुमान घटा दिया है। MOODYs ने 2019 के लिए भारत का ग्रोथ अनुमान 0.6 फीसदी घटाकर 6.2 फीसदी और 2020 का GDP ग्रोथ अनुमान 0.6 फीसदी घटाकर 6.7 फीसदी कर दिया है।
02:50 PM
आज शेयर बाजार में निचले स्तरों से smart recovery दिखी लेकिन पूरे हफ्ते में nifty 2.5 फीसदी तो nifty bank 4.5 फीसदी गिरा है। ये दोनों इंडेक्स इस हफ्ते दुनिया के Top 5 सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले Indices में शामिल रहे हैं।
02:35 PM
Vedanta के शेयर शुक्रवार को इंट्राडे में 5.9 फीसदी बढ़कर 136.60 रुपए पर पहुंच गए हैं। जाम्बिया के मंत्री रिचर्ड मुसुक्वा ने एक मेल के जरिए बताया है कि सरकार कोनकोला कॉपर माइंस से वेदांत के मैत्रीपूर्ण निकासी के लिए बात करने को तैयार है।
इससे पहले पिछले 12 महीनों में Vedanta के शेयर 37 फीसदी गिर चुके थे। जबकि इस दौरान निफ्टी में सिर्फ 5 फीसदी की गिरावट आई।
01:50 PM
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आज शाम 5 बजे आर्थिक मुद्दे से जुड़े बड़े एलान संभव है। शाम 5 बजे वित्त मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेस हो सकती है जिसमें वित्त मंत्री सीतारामन सिस्टम में नकदी बढ़ाने और आर्थिक मुद्दे से जुड़े दूसरे बड़े एलान कर सकती है जिसमें राहत पैकेज देने और FPI सरचार्ज हटाने जैसे कदम शामिल है।
इस खबर का असर बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। बाजार दिन के ऊपरी स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी नीचे करीब 200 अंक ऊपर चढ़ा है। वहीं सेंसेक्स नीचे से करीब 620 अंक ऊपर चला गया है। बैंक निफ्टी में भी निचले स्तर से करीब 550 अंक की बढ़त आई है।
सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। वहीं निफ्टी के 50 में से 42 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है जबकि बैंक निफ्टी के 12 में से 9 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है।
1.05 PM
Container Corporation India के शेयर शुक्रवार को इंट्रा डे में 5.75 फीसदी चढ़कर 510.25 रुपए पर पहुंच गए। यह पिछले 5 महीनों का सबसे हाइएस्ट लेवल है। इससे पहले ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टैनली ने कंपनी के शेयरों को ओवरवेट रेटिंग देते हुए इसका टारगेट 566 रुपए तय किया था। कंपनी के शेयरों का टारगेट प्राइस गुरुवार के बंद भाव के मुकाबले 13.4 फीसदी ज्यादा है।
01:00 PM
Future Group में Amazon की backdoor entry से Future Retail आज 5 फीसदी से ज्यादा फिसल गया है। अमेजॉन प्रोमोटर कंपनी में 49 फीसदी हिस्सा खरीदेगी। इस डील में 3 से 10 साल में बाकी प्रोमोटर हिस्सेदारी खरीदने का भी विकल्प है।
12:50 PM
बाजार में निचले स्तरों से जोरदार सुधार देखने को मिल रहा है। निफ्टी नीचे से करीब 100 अंक सुधरा लेकिन अब फ्लैट नजर आ रहा है। निफ्टी बैंक भी अब 26900 के करीब नजर आ रहा है। IT शेयरों ने बाजार में जोश भरा है। उधर डॉलर के मुकाबले रुपए में निचले स्तरों से 30 पैसे का सुधार आया है। शुरुआती कारोबार में रुपया 72 के नीचे फिसला गया था। 1 महीने में रुपया करीब 4.5 फीसदी से ज्यादा फिसला है। रुपए में कमजोरी से IT शेयरों में लगातार दूसरे दिन खरीदारी देखने को मिल रही है। NIFTY IT इंडेक्स दो हफ्ते के ऊपरी स्तर पर नजर आ रहा। HCL TECH और TCS के शेयर 1 महीने में 6.5 से 7 फीसदी तक चढ़े हैं।
12:30 PM
स्लोडाउन के चलते बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में भी नौकरियों पर खतरा मंडरा रहा है। हाल ही में Deutsche Bank ने दुनिया भर से अपने 18,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था। अब भारत में ब्रिटिश मल्टीनेशनल बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज की कंपनी HSBC के कर्मचारियों को झटका लगा है।
11:45 AM
Yes Bank के शेयर शुक्रवार को इंट्राडे में 8.8 फीसदी चढ़ गए। इससे पहले खबर आई थी कि बैंक जल्द ही दोबारा फंड जुटा सकता है। पिछले चार कारोबारी सत्र में Yes Bank के शेयरों में 29 फीसदी की गिरावट आई है। CG Power में Yes Bank की हिस्सेदारी 12.79 फीसदी थी। ऐसे में कुछ दिनों पहले जब CG Power में गबन की खबर आई तो Yes Bank के शेयरों पर भी इसका असर हुआ।
11:20 AM
Coffee Day के शेयरों में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा। कंपनी के शेयर 5 फीसदी बढ़कर 79.90 रुपए पर पहुंच गए हैं। माना जा रहा है कि देश की सबसे बड़ी सिगरेट कंपनी ITC Coffee Day Enterprises में हिस्सेदारी लेने वाली है।
10:42 AM
बाजार में निचले स्तर से शानदार रिकवरी देखऩे को मिली है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में आ गए हैं। सेंसेक्स में नीचे से करीब 500 अंक और निफ्टी निचले स्तर से करीब 150 अंक सुधरा है। वहीं बैंक निफ्टी नीचे से करीब 490 अंक सुधरा कर कारोबार कर रहा है। मिड कैप शेयरों में भी खरीदारी लौटी है जिसके चलते मिड कैप इंडेक्स नीचे से करीब 310 अंक सुधरकर कारोबार कर रहा है।
10:20 AM
बाजार में आज भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला रहा है। लालनिशान में खुलने के बाद बाजार में सुधार देखने को मिल रहा है। बैंक निफ्टी नीचे से करीब 270 प्वाइंट सुधरा है। वहीं निफ्टी नीचे से करीब 100 प्वाइंट सुधरा है जबकि सेंसेक्स नीचे से करीब 325 प्वाइंट सुधरा है। फिलहाल सेंसेक्स 65 अंक की कमजोरी के साथ 36,405 के आसपास और निफ्टी 11 अंक की कमजोरी को साथ 10,730 के आसपास दिख रहा है।
09:26 AM
एशियाई बाजारों में आज मिलाजुला कारोबार देखने को मिल रहा है। SGX NIFTY पर दबाव नजर आ रहा है। JEROME POWELL के भाषण से पहले कल US मार्केट में सतर्क कारोबार देखने को मिला। कल के कारोबार में डाओ 50 अंक चढ़कर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक लाल निशान में फिसल गया। Jackson Hole में US Fed की 3 दिवसीय बैठक जारी है। आज Fed चेयरमैन Jerome Powell भाषण देंगे।
उधर यील्ड कर्व इनवर्स से मंदी के संकेत मिल रहे हैं। 10 साल का बॉन्ड यील्ड 2 साल से कम हो गया है। इस बीच यूएस-चीन ट्रेड वॉर भी गहराता नजर आ रहा है। चीन ने US पर पलटवार की चेतावनी दी है। वहीं जापान और कोरिया भी आमने-सामने आ गए हैं। दक्षिण कोरिया ने जापान के साथ intelligence Sharing डील रद्द कर दी है।
इन ग्लोबल संकेतों के बीच भारतीय बाजारों की शुरुआत भारी गिरावट के साथ हुई है। निफ्टी करीब 65 अंक नीचे और सेंसेक्स 250 अंक नीचे कारोबार करता नजर आ रहा है। छोटे- मझोले शेयरों पर भी बिकवाली का जोरदार दबाव नजर आ रहा है। बीएसई का मिड कैप इंडेक्स 0.77 फीसदी और स्मॉल कैप इंडेक्स 0.81 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। तेल-गैस शेयरों में भी दबाव देखने को मिल रहा है। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 0.23 फीसदी की कमजोरी दिखा रहा है।
बैंकिंग शेयरों में भी भारी दबाव है जिसके चलते बैंक निफ्टी 1.55 फीसदी टूटकर 26615 के आसपास नजर आ रहा है। निफ्टी का प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.5 फीसदी और पीएसयू बैंक इंडेक्स 1.2 फीसदी की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है।
आईटी को छोड़कर निफ्टी के सभी सेक्टोरल इंडेक्स आज लाल निशान में दिख रहे है। आईटी शेयरों को रुपये में कमजोरी का फायदा मिल रहा है जिसके चलते निफ्टी का आईटी इंडेक्स 0.57 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।
फिलहाल सेंसेक्स 218 अंक यानी 0.60 फीसदी की कमजोरी के साथ 36250 के करीब नजर आ रहा है। वहीं निफ्टी 65 अंक यानी 0.61 फीसदी की गिरावट के साथ 10675 के आसपास कारोबार कर रहा है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।