1.00 PM
एवरेडी इंडस्ट्रीज Eveready Industries में लोअर सर्किट लगा
बैटरी बनाने वाली कंपनी एवरेडी के शेयर इंट्राडे में 10 फीसदी गिर गए। इनमें लोअर सर्किट लगा। कंपनी के शेयर अब 90.35 रुपए पर ट्रेड कर रहे हैं। पिछले 15 महीनों में कोलकाता की इस कंपनी की वैल्यू दो तिहाई गिर गई।
11.44 AM
FMCG शेयरों में गिरावट
NSE Nifty FMCG इंडेक्स लगातार छठे कारोबारी सत्र में गिर रहा है। आज इसमें 0.76 फीसदी की गिरावट आई है। सबसे ज्यादा गिरावट मैरिको और डाबर इंडिया में है।
11.15 AM
Zee लगातार पांचवें दिन गिरा
मीडिया कंपनी के शेयर लगातार पांचवें दिन गिरे हैं। बुधवार को कंपनी के शेयर 8.7 फीसदी गिरकर 334.15 रुपए पर बंद हुए। एक प्रेस रिलीज में एस्सेल ग्रुप ने कहा है कि Zee Entrtainment में स्टेक सेल की बात काफी आगे बढ़ चुकी है।
10.15 AM
रिकॉर्ड लो पर Vodafone Idea
देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Vodafone Idea के शेयर इंट्राडे में 5.7 फीसदी गिरकर 14.70 रुपए पर आ गए थे। 2007 में लिस्टिंग के बाद यह कंपनी का सबसे निचला स्तर है।
10.06 AM
Neogen Chemicals की शानदार लिस्टिंग
BSE पर नियोजेन केमिकल्स की लिस्टिंग करीब 17 फीसदी प्रीमियम के साथ 251 रुपए पर हुई है। कंपनी का इश्यू प्राइस 215 रुपए था। इश्यू से कंपनी ने 132 करोड़ रुपए जुटाएं हैं।
10.00 AM
दो महीने में वेदांता सबसे नीचे
माइनिंग कंपनी वेदांता इंट्राडे में 4.1 फीसदी गिरकर 156.80 रुपए पर आ गया है। यह दो महीने का सबसे निचला स्तर है। कंपनी ने मंगलवार को अपने नतीजे जारी किए हैं। जनवरी से लेकर मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 2615 करोड़ रुपए रहा। यह पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 46 फीसदी कम है।
09:55 AM
एशियाई बाजारों में आज कमजोरी देखने को मिल रही है। एसजीएक्स निफ्टी भी 0.5 फीसदी नीचे है। ट्रेड वॉर गहराने की आशंका से कल अमेरिकी बाजार 2 फीसदी तक टूटे और डाओ में साल की दूसरी सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। नैस्डैक और एसएंडपी 500 इंडेक्स भी कल 1.5 फीसदी से ज्यादा टूटकर बंद हुए हैं। अमेरिका-चीन ट्रेड टेंशन से क्रूड भी फिसल गया है। ब्रेंट 1.75 फीसदी गिरकर 70 डॉलर के नीचे पहुंच गया जिसका असर आज तेल-गैस, टायर, एविएशन, पेंट शेयरों पर दिख सकता है।
इन ग्लोबल संकेतों के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। मिड और स्मॉलकैप शेयरों में भी बिकवाली देखने को मिल रही है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.39 फीसदी की कमजोरी के साथ 14245.75 के स्तर पर नजर आ रहा है। वहीं, मिडकैप इंडेक्स 0.30 फीसदी की गिरावट के साथ 14478.85 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। तेल और गैस शेयरों में भी कमजोरी नजर आ रही है। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 0.62 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।
बाजार में आज चौतरफा बिकवाली का दबाव नजर आ रहा है। निफ्टी के ऑटो इंडेक्स में 0.34 फीसदी, एफएमसीजी इंडेक्स में 0.65 फीसदी, आईटी इंडेक्स में 0.22 फीसदी, मेटल इंडेक्स में 0.45 फीसदी, फार्मा इंडेक्स में 0.35 फीसदी और रियल्टी इंडेक्स में करीब 1 फीसदी की कमजोरी देखने को मिल रही है।
फिलहाल बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 182 अंक यानि 0.48 फीसदी की कमजोरी के साथ 38090 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी करीब 65 अंक यानि 0.55 फीसदी की कमजोरी के साथ 11435 के करीब कारोबार कर रहा है।
