Zomato और Paytm जैसी टेक स्टार्टअप कंपनियों के IPO को लेकर भले ही मार्केट में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा हो लेकिन शंकर शर्मा की राय इससे अलग है। First Global के वाइस चेयरमैन और को-फाउंडर शंकर शर्मा ने कहा कि HDFC Bank और TCS जैसी कंपनी बनने के लिए सालों तक अच्छे मैनेजमेंट की जरूरत है। ऐसी कंपनी सिर्फ आप पैसे खर्च करके नहीं बन सकते हैं।
मनीकंट्रोल के क्षितिज आनंद के साथ की गई बातचीत में शंकर शर्मा ने कहा कि इन कंपनियों के IPO को लेकर जरूरत से ज्यादा उत्साह है। लिस्टिंग के बाद इन कंपनियों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहेगा। यह पूछे जाने पर कि IPO मार्केट में इतने उत्साह की वजह क्या है? इस पर शंकर शर्मा ने कहा कि IPO के जरिए आप निवेश करके लिस्टिंग के बाद तुरंत मुनाफा बना सकते हैं। ऐसे समय में जब सेकेंडरी मार्केट में पैसा ही पैसा है, बड़े IPO लाने का सही वक्त है। Zomato के मामले में भी यह सही है।
शर्मा ने कहा, "मुझे लगता है कि IPO के जरिए पैसा जुटाना उनके लिए ठीक है। बेशक यह सबसे सही वक्त है। लेकिन क्या यह निवेशकों के लिए भी सही वक्त है? यह एक अलग सवाल है। जो कंपनी के लिए सही है वह जरूरी नहीं कि निवेशकों के लिए भी सही हो।"
जब आप Zomato जैसे स्टॉक्स को देखते हैं तो यह एक लॉस मेकिंग कंपनी है। भारतीय बाजार प्रॉफिट को लेकर बेहद सख्त है। मार्केट में ऐसा कोई बहुत अच्छा इतिहास नहीं रहा है कि लॉस में चल रही कंपनियों के शेयरों में बहुत तेजी आए। Burger King इसका अच्छा उदाहरण है। कंपनी लॉस में चल रही है और नतीजा ये है कि इसके शेयर अच्छा रिटर्न नहीं दे पा रहे हैं।
Zomato IPO में डिविडेंड यील्ड फंड के निवेश पर शंकर शर्मा ने कहा कि इसे आप भेड़चाल इनवेस्टमेंट कह सकते हैं। मैं ये समझ सकता हूं कि कोई नॉर्मल फंड अपना कुछ पर्सेंटेज जोमैटो में लगा दे। लेकिन डिविडेंड यील्ड फंड का पैसा इसमें डालने बिल्कुल माफ करने लायक नहीं है।
इस साल की दूसरी छमाही में पॉलिसीबाजार, पेटीएम, ओला सहित कई कंपनियों के इश्यू आने वाले हैं क्या ये अगला HDFC Bank या TCS बन सकते हैं?
इस पर शंकर शर्मा ने कहा, मुझे ऐसा नहीं लगता है। HDFC Bank और TCS जैसी कंपनियां अपना कैशफ्लो जेनरेट करने वाली कंपनियां हैं। जो बहुत-बहुत अहम है। जबकि जोमैटो-पेटीएम जैसी कंपनियों के बिजनेस में उन्हें अपना पैसा खर्च करके ग्राहकों को लुभाना पड़ता है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।