Railway Stocks: भारत में रेलवे सिर्फ लोगों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने का काम नहीं करती। यह देश की अर्थव्यवस्था की भी एक अहम कड़ी है। कोयला, सीमेंट, स्टील, अनाज और कंटेनर जैसी जरूरी चीजों की ढुलाई का बड़ा हिस्सा रेलवे के जरिए होता है।

Railway Stocks: भारत में रेलवे सिर्फ लोगों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने का काम नहीं करती। यह देश की अर्थव्यवस्था की भी एक अहम कड़ी है। कोयला, सीमेंट, स्टील, अनाज और कंटेनर जैसी जरूरी चीजों की ढुलाई का बड़ा हिस्सा रेलवे के जरिए होता है।
सरकार भी लगातार नए ट्रैक, स्टेशन अपग्रेड, इलेक्ट्रिफिकेशन, फ्रेट कॉरिडोर और नई ट्रेनों पर निवेश कर रही है। इसका फायदा रेलवे से जुड़ी कई कंपनियों को मिल रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं तीन ऐसे रेलवे स्टॉक्स के बारे में, जिन्होंने पिछले तीन साल में बिक्री के मामले में मजबूत ग्रोथ दिखाई है।
RailTel Corporation
सरकारी रेल कंपनी रेलटेल भारतीय रेलवे की टेलीकॉम और डिजिटल नेटवर्क कंपनी है। इसका काम रेलवे के लिए ब्रॉडबैंड, VPN, टेलीकॉम और डेटा नेटवर्क जैसी सेवाएं देना है। आज कंपनी का नेटवर्क देश के करीब 6,000 रेलवे स्टेशनों तक पहुंच चुका है।
पिछले तीन साल में कंपनी का रेवेन्यू CAGR 30% रहा है, जबकि मुनाफे का CAGR 24% रहा। इसी दौरान शेयर ने 39% का CAGR रिटर्न दिया। कंपनी का औसत RoE करीब 16% रहा है, जो इसकी अच्छी कमाई क्षमता को दिखाता है।
कंपनी की ऑर्डर बुक भी तेजी से बढ़ रही है। मार्च 2025 में ऑर्डर बुक 4,602 करोड़ रुपये थी, जो अप्रैल 2026 तक बढ़कर 6,346 करोड़ रुपये हो गई। यानी एक साल में करीब 38% की बढ़ोतरी। मैनेजमेंट का अनुमान है कि मौजूदा रफ्तार बनी रही तो FY27 के अंत तक ऑर्डर बुक 8,500 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।
Q4 FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 489 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 8% बढ़ा। वहीं नेट प्रॉफिट 46% उछलकर 113 करोड़ रुपये पहुंच गया। पूरे FY26 में कंपनी ने 1,861 करोड़ रुपये का रेवेन्यू और 246 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया।
रेलटेल अब सिर्फ रेलवे टेलीकॉम कंपनी नहीं रहना चाहती। कंपनी डेटा सेंटर और ICT कारोबार पर तेजी से फोकस बढ़ा रही है। मानेसर में बड़ा डेटा सेंटर शुरू हो चुका है और मुंबई समेत अन्य शहरों में नए एज डेटा सेंटर पर काम चल रहा है।
Texmaco Rail & Engineering
प्राइवेट सेक्टर टेक्समैको रेल लंबे समय से रेलवे वैगन, रोलिंग स्टॉक और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के कारोबार में है। कंपनी रेलवे के अलावा स्टील स्ट्रक्चर, ब्रिज और अन्य इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स पर भी काम करती है।
पिछले तीन साल में कंपनी का रेवेन्यू CAGR 25% रहा है। वहीं मुनाफे का CAGR 97% तक पहुंच गया। हालांकि RoE अभी भी करीब 8% है, जिससे पता चलता है कि मुनाफा तेजी से बढ़ा है लेकिन रिटर्न रेशियो अभी भी सुधार की प्रक्रिया में हैं।
Q4 FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 13% घटकर 1,167 करोड़ रुपये रहा। हालांकि इसके बावजूद नेट प्रॉफिट 46% बढ़कर 58 करोड़ रुपये पहुंच गया। पूरे वित्त वर्ष में कंपनी का रेवेन्यू 4,377 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल से 14% कम था। वहीं मुनाफा 194 करोड़ रुपये रहा।
FY26 के दौरान कंपनी ने 8,372 फ्रेट वैगन डिलीवर किए। लेकिन अब कंपनी सिर्फ वैगन कारोबार पर निर्भर नहीं रहना चाहती। "Texmaco 2.0" रणनीति के तहत वह सिग्नलिंग, कवच, प्रोपल्शन सिस्टम, मेट्रो रेल, डिफेंस और डिजिटल सर्विसेज जैसे नए क्षेत्रों में भी विस्तार कर रही है।
कंपनी का निर्यात कारोबार भी बढ़ रहा है। टेक्समैको फिलहाल 16 देशों में अपने उत्पाद सप्लाई कर रही है। दक्षिण अफ्रीका से मिले बड़े ऑर्डर के तहत कंपनी 2,200 वैगन, 30 डीजल लोकोमोटिव और 15 साल के मेंटेनेंस प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। इसके अलावा कैमरून समेत अन्य देशों से भी अवसर मिल रहे हैं।
IRCTC
सरकारी रेल कंपनी IRCTC का नाम लगभग हर रेल यात्री जानता है। ऑनलाइन रेलवे टिकट बुकिंग, कैटरिंग, रेल नीर और टूरिज्म कारोबार में कंपनी की मजबूत पकड़ है। रेलवे की आरक्षित टिकट बुकिंग में इसकी हिस्सेदारी करीब 89% है।
पिछले तीन साल में कंपनी का रेवेन्यू CAGR 14% और मुनाफे का CAGR 12% रहा है। हालांकि इस दौरान शेयर ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और उसका CAGR रिटर्न माइनस 8% रहा। इसके बावजूद कंपनी का औसत RoE करीब 37% रहा, जो इसकी मजबूत प्रॉफिटेबिलिटी को दिखाता है।
FY26 में कंपनी का रेवेन्यू 5,215 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 11.5% ज्यादा है। वहीं नेट प्रॉफिट 1,393 करोड़ रुपये रहा। मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 15% बढ़कर 1,460 करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि कुछ विशेष खर्चों के असर से तिमाही मुनाफा मामूली घटकर 447 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी की ग्रोथ में सबसे बड़ा योगदान कैटरिंग और टूरिज्म कारोबार का रहा। Q4 में कैटरिंग रेवेन्यू 27% बढ़कर 671 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं टूरिज्म रेवेन्यू करीब 11% बढ़कर 304 करोड़ रुपये रहा। इंटरनेट टिकटिंग से होने वाली आय भी बढ़ी है और कंपनी अभी भी रेलवे टिकट बुकिंग बाजार में मजबूत स्थिति में बनी हुई है।
IRCTC अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म को और मजबूत बनाने पर भी काम कर रही है। कंपनी यूनिफाइड पोर्टल, iPay और अन्य डिजिटल सेवाओं पर निवेश कर रही है। साथ ही रेल नीर के लिए नए प्लांट भी लगाए जा रहे हैं, ताकि उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सके।
निवेशकों को क्यों रखनी चाहिए नजर?
रेलवे सेक्टर में सरकार का निवेश लगातार बढ़ रहा है। आने वाले वर्षों में नई ट्रेनों, मेट्रो परियोजनाओं, स्टेशन आधुनिकीकरण, फ्रेट कॉरिडोर और रेलवे तकनीक पर बड़ा खर्च होने की उम्मीद है। ऐसे में रेलटेल, टेक्समैको रेल और IRCTC जैसी कंपनियां अपने-अपने क्षेत्रों में इस अवसर का फायदा उठा सकती हैं।
रेलटेल डेटा सेंटर और डिजिटल सेवाओं पर दांव लगा रही है। टेक्समैको वैगन से आगे बढ़कर मेट्रो, कवच और निर्यात बाजार में विस्तार कर रही है। IRCTC टिकटिंग, कैटरिंग और टूरिज्म कारोबार में अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए है। यही वजह है कि रेलवे थीम पर दांव लगाने वाले निवेशकों को इन कंपनियों पर जरूर नजर रखनी चाहिए।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।