यस सिक्योरिटीज (Yes Securities) ने आईटी कंपनी हैप्पिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजीज (Happiest Minds Technologies) के शेयर खरीद (Buy) रेटिंग के साथ कवर करना शुरू किया है और इसके लिए 1,018 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज फर्म ने इस शेयर को Buy रेटिंग देने के पीछे 6 प्रमुख कारण बताए हैं। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि हैप्पिएस्ट माइंड्स के रेवेन्यू में 20 फीसदी से अधिक की ग्रोथ का अनुमान है। इसमें से भी 97 फीसदी रेवेन्यू डिजिटल बिजनेसों से आएगा। ग्लोबल लेवल पर बिगड़े आर्थिक हालात के चलते निकट-भविष्य में कुछ चुनौतियां है। हालांकि इसके बावजूद डिजिटल टेक्नोलॉजी के लिए लंबी-अवधि की मांग मजबूत बनी हुई है।
ब्रोकरेज ने अगला कारण कंपनी का डिजिटल बिजनेस पर मजबूत और फोकस इसके अधिकतर वर्कफोस (96%) को विदेशों में होना बताया। हैप्पिएस्ट माइंड्स दूसरी टियर-2 आईटी कंपनियों से साइज में छोटी होने के बावजूद 20 फीसदी से अधिक के EBIT मार्जिन को हासिल करने पर जोर दे रही है।
खर्च में हालिया बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी ने कर्मचारियों के छोड़कर जाने की दर (एट्रिशन रेट) में गिरावट और ऑपरेटिंग लीवरेज के पॉजिटव रहने का अनुमान जताया है। साथ ही कंपनी अपने एंप्लॉयी पिरामिड को भी बेहतर करने पर जोर दे रही है, जो जल्द इसके ऑपरेटिंग मार्जिन को भी सपोर्ट करेगा।
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी 3 बिजनेस यूनिट में कारोबार करती है- प्रोडक्ट इंजीनियरिंग सर्विसेज (रेवेन्यू में 47.7% योगदान), डिजिटल बिजनेस सर्विसेस (रेवेन्यू में 30.7% योगदान) और इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट और सिक्योरिटी सर्विसेज (रेवेन्यू में 21.6% योगदान)।
प्रोडक्ट इंजीनियरिंग सर्विसेज सेगमेंट जहां क्लाइंट तक पहुंच मुहैया कराता है। वहीं डिजिटल बिजनेस इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट एंड सिक्योरिटी सर्विसेज इसे अपने कारोबार को बढ़ाने और सालाना रेवेन्यू के स्रोत ऑफर करता है। तीनों सेगमेंट में कंपनी की उपस्थिति क्रॉस-सेल अवसर पैदा करती है।
कंपनी के रेवेन्यू में विविधता है, जो कई इंडस्ट्री और भौगोलिक इलाकों में फैली हुई है। मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही तक इसका रेवेन्यू एडटेक (23.2%), हाई-टेक (15.7%), ट्रैवल-मीडिया एंड एंटरटेनमेंट (13.1%), BFSI (10.3%), रिटेल (10.4%), मैन्युफैक्चरिंग (10.0%) और अन्य सेक्टर (8.2%)से आ रहा था।
कंपनी का 67.5% रेवेन्यू अमेरिका से आता है। वहीं भारत से 15.4%, यूरोप से 9.4% और बाकी दुनिया से 7.7% रेवेन्यू आता है। कंपनी के पास 53% की मजबूत प्रमोटर होल्डिंग है, जो इसके अनुभवी संस्थापक अशोक सूता के नियंत्रण में है। अशोक सूता ने ही माइंडट्री की स्थापना की थी और वह विप्रो के वाइस-चेयरमैन भी रहे हैं।
कंपनी का सोच-समझकर किया गया पूंजी आवंटन इसके 30% के रिटर्न ऑन इक्विटी और मजबूत फ्री कैश फ्लो के रूप में दिखता है।
डिस्क्लेमरः यहां दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह, निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और रॉय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।