Accenture Q4 earnings: बाजार की नजर आज शाम आने वाले Accenture के नतीजों पर है। इस नतीजे से पूरे IT सेक्टर की दिशा तय होगी। क्या है अनुमान ये बताते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के आशीष वर्मा ने कहा कि आज शाम 7 बजे से पहले Accenture के वित्त वर्ष 2024 के नतीजे आएंगे। इन नतीजों पर कॉनकॉल रात 10:40 पर होगी। आइए देखते है कि एक्सेंचर के नतीजे हमारे आईटी सेक्टर के लिए अहम क्यों हैं।
Accenture: IT के लिए क्यों अहम?
एक्सेंचर का बिजनेस मॉडल भारतीय दिग्गज IT कंपनियों जैसा ही है। उत्तरी अमेरिका कंपनी का सबसे बड़ा बाजार है। कंपनी का सबसे बड़ा कारोबार आउटसोर्सिंग का है।
एक्सेंचर के तीसरी तिमाही के नतीजे अनुमान से कमजोर रहे लेकिन मिलाजुलाकर तिमाही सही रही है।
वित्त वर्ष 2024 के लिए मैनेजमेंट ने नतीजों का सेल्स गाइडेंस घटाया है। वित्त वर्ष 2024 के लिए कंपनी की आय गाइडेंस 1-3 फीसदी से घटाकर 1.5 -2.5 फीसदी कर दी गई थी।
तीसरी तिमाही में कंपनी के नए ऑर्डर 22 फीसदी बढ़कर 21.1 अरब डॉलर पर रहे थे। 9.3 अरब डॉलर की कंसल्टिंग बुकिंग हुई थी। सर्विस बुकिंग 11.8 अरब डॉलर (शिखर पर) पर रही थी।
एक्सेंचर के चौथी तिमाही के नतीजों पर कराए गए पोल से मिकल कर आया है कि इस अवधि में कंपनी की आय 16.05-16.65 अरब डॉलर रह सकती है। यानि कंपनी की आय में 2-6 फीसदी की ग्रोथ संभव है। आम सहमति 16.3 अरब डॉलर पर है। इस अवधि में कंपनी की एडजस्टेड नेट इनकम सालाना आधार पर 2.71 डॉलर प्रति शेयर के मुकाबले 2.78 डॉलर प्रति शेयर रह सकती है, यानी इसमें सालाना आधार पर 2.5 फीसदी की बढ़त हो सकती है।
Accenture मैनेजमेंट कमेंट्री
Accenture के मैनेजमेंट ने कहा है कि चौथी तिमाही में कंसल्टिंग कारोबार में ग्रोथ लौट सकती है। बुकिंग-टू-आय रेश्यो लगातार सुधर रहा है।
पिछले नतीजों से Accenture की चाल
पिछले नतीजों से अब तक Accenture की चाल पर नजर डालें तो इसका पिछला बंद भाव 337 डॉलर प्रति शेयर था। 20 जून को ये शेयर 306 डॉलर प्रति शेयर पर बंद हुआ था। यानी इस अवधि में इसमें 10 फीसदी की तेजी आई है।
Accenture पर ब्रोकरेज बुलिश
Accenture पर ब्रोकरेज बुलिश हैं। 9 ब्रोकरेज स्टॉक में खरीदारी की राय है। 8 ब्रोकरेज की स्टॉक में होल्ड की राय है। पिछले 3 महीने से स्टॉक में बिकवाली की कोई रेटिंग नहीं आई है।