Adani-Tata Mega Deal: देश की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरपोर्ट ऑपरेटर 'अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड' और टाटा ग्रुप की दिग्गज हॉस्पिटैलिटी कंपनी 'द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड' (IHCL) ने एक ऐतिहासिक साझेदारी का ऐलान किया है। इस मेगा मल्टी-होटल ऑपरेटिंग एग्रीमेंट के तहत देश के 4 प्रमुख एयरपोर्ट शहरों में 8 नए होटल विकसित किए जाएंगे, जिनमें कुल 2,000 से अधिक कमरे होंगे।
यह साझेदारी अदाणी ग्रुप के एयरपोर्ट्स को सिर्फ ट्रैवल हब न बनाकर 'एयरपोर्ट सिटी' और कमर्शियल हब के रूप में विकसित करने की रणनीति का बड़ा हिस्सा है।
किन 4 शहरों में खुलेंगे कौन से ब्रांड के होटल?
अदाणी एयरपोर्ट्स इन होटलों का निर्माण व डेवलपमेंट करेगा, जबकि इनका संचालन IHCL अपने मल्टी-ब्रांड पोर्टफोलियो के तहत करेगी। अडानी एयरपोर्ट्स और IHCL की इस ऐतिहासिक साझेदारी के तहत देश के 4 प्रमुख शहरों के हवाई अड्डों पर 8 नए होटल बनाए जाएंगे।
इस प्रोजेक्ट में लग्जरी से लेकर बजट श्रेणी तक के हॉस्पिटैलिटी ब्रांड्स को शामिल किया गया है। इसके तहत मुंबई (छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट - T2) पर 1 'ताज' होटल खोला जाएगा, जबकि अहमदाबाद (सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट) में 1 'ताज' और 1 'विवांता' होटल बनेगा।
वहीं, लखनऊ (चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट) पर 1 'विवांता' और 1 'जिंजर' होटल विकसित होगा, और गुवाहाटी (लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट) में 1 'ताज', 1 'गेटवे' और 1 'जिंजर' होटल का निर्माण किया जाएगा। ब्रांड ब्रेकअप की बात करें तो कुल 8 होटलों में 3 ताज (Taj), 2 विवांता, 1 गेटवे और 2 जिंजर ब्रांड शामिल होंगे, जो बिजनेस और कैजुअल दोनों तरह के यात्रियों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करेंगे।
₹20,000 करोड़ का मेगा 'एयरपोर्ट सिटी' प्रोजेक्ट
अदाणी एयरपोर्ट्स ने अपनी सहयोगी कंपनी 'अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड' के जरिए 6 एयरपोर्ट शहरों मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में 655 एकड़ से अधिक लैंड बैंक विकसित करने की योजना बनाई है।
पहले चरण में अदाणी एयरपोर्ट सिटी लगभग ₹20,000 करोड़ का निवेश करेगी, जिसके तहत 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र का कमर्शियल विकास किया जाएगा। मुंबई, अहमदाबाद और लखनऊ में होटलों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। अधिकांश होटल अगले 3 से 4 वर्षों में चालू होने की उम्मीद है। इस डील के बाद भारतीय हवाई अड्डों पर IHCL के कुल होटलों की संख्या बढ़कर 25 हो जाएगी।