अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के पहले रिटेल बॉन्ड इश्यू (Retail Bond) में आज मजबूत डिमांड देखने को मिला। यह बॉन्ड इश्यू आज 4 सितंबर को लॉन्च होते ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। यह इस बात का एक और संकेत है कि अदाणी ग्रुप ने पिछले साल शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग के आरोपों के बाद निवेशकों का भरोसा फिर से हासिल कर लिया है। लीड मैनेजर नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट की वेबसाइट के अनुसार अदाणी ग्रुप द्वारा जारी किए गए इस इश्यू को शाम 5 बजे तक लगभग 717 करोड़ रुपये का सब्सक्रिप्शन मिला है। कंपनी की योजना 800 करोड़ रुपये जुटाने की है।
रिटेल सेगमेंट पहले दिन ही भरा
इश्यू का रिटेल सेगमेंट पहले दिन ही पूरी तरह भरा गया। इस कैटेगरी के निवेशकों के लिए रिजर्व 2.4 अरब रुपये की तुलना में 2.5 अरब रुपये के ऑफर प्राप्त हुए। यह बॉन्ड इश्यू ऐसे समय में जारी किया गया है जब ग्रुप कई तरीकों से फंड जुटाने की कोशिश कर रहा है।
पब्लिक इश्यू के पहले दिन हाई-नेटवर्थ इंडिविजुअल और नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स जैसे कि कॉरपोरेट्स के बीच भी मजबूत डिमांड देखी गई। इसमें 4.8 अरब रुपये आरक्षित की तुलना में 4.6 अरब रुपये की सदस्यता प्राप्त हुई थी। 800 करोड़ रुपये के इस बॉन्ड इश्यू में 400 करोड़ रुपये का ग्रीनशू विकल्प भी शामिल है।
17 सितंबर तक निवेश का मौका
अदाणी एंटरप्राइजेज दो, तीन और पांच साल में देय बॉन्ड की पेशकश कर रहा है, जिसमें यील्ड 9.25% और 9.90% के बीच है। आय का कम से कम तीन चौथाई हिस्सा कंपनी के कर्ज के प्री-पेमेंट या री-पेमेंट करने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि बाकी सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए है। इस इश्यू में 17 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन का मौका रहेगा। ट्रस्ट इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स प्राइवेट और एके कैपिटल सर्विसेज पब्लिक इश्यू के लिए अन्य लीड मैनेजर हैं।