अरबपति गौतम अदाणी की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Adani Enterprises) इस महीने अपना पहला नॉन-कनवर्टिबल डिबेंचर (NCD) पब्लिक ऑफर लॉन्च कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे अगले हफ्ते की शुरुआत में पेश किए जाने की उम्मीद है। मामले से परिचित लोगों ने बताया कि कंपनी का इरादा इसके जरिए 600 करोड़ रुपये जुटाने का है। अदाणी एंटरप्राइजेज की 1.5-2 अरब डॉलर की इक्विटी कैपिटल जुटाने की भी तैयारी है। कंपनी इसके लिए सितंबर के पहले 15 दिनों में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) इश्यू लॉन्च कर सकती है।
अदाणी ग्रुप के प्रवक्ता ने इस मामले में भेजे गए ईमेल का रिपोर्ट पब्लिश होने के समय तक कोई जवाब नहीं दिया है। एक सूत्र ने कहा, “पब्लिक एनसीडी ऑफर अगले हफ्ते के मध्य में लॉन्च होने की उम्मीद है, हालांकि इसकी तारीखें अभी तक तय नहीं की गई हैं। यह अदाणी ग्रुप की किसी भी कंपनी द्वारा एनसीडी का पहला पब्लिक ऑफर होगा। यह कंपनी की अपने फंडिंग सोर्स को डायवर्सिफाई करने की रणनीति का हिस्सा है।”
Adani Enterprises ने NCD ऑफर लिए 25 जुलाई को किया था अप्लाई
25 जुलाई को अदाणी एंटरप्राइजेज ने पब्लिक एनसीडी ऑफर के माध्यम से 600 करोड़ रुपये जुटाने के लिए स्टॉक एक्सचेंजों के साथ एक ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया। इस इश्यू में 300 करोड़ रुपये का बेस अमाउंट शामिल है, जिसमें जरूरत पड़ने पर 300 करोड़ रुपये अतिरिक्त जुटाने का विकल्प है। एनसीडी ऑफरिंग से जुटाई जाने वाली धनराशि का इस्तेमाल कंपनी द्वारा लिए गए मौजूदा कर्ज के पूर्ण या आंशिक रीपेमेंट के लिए किया जाएगा।
QIP के लिए क्या है Adani Enterprises का प्लान
QIP की बात करें तो कंपनी कई इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के साथ चर्चा कर रही है। एक सूत्र ने कहा, "अदाणी एंटरप्राइजेज सितंबर के फर्स्ट हाफ में क्यूआईपी ऑफरिंग के लॉन्च की टाइमलाइन पर विचार कर रहा है, जो बाजार की स्थितियों और निवेशकों की मांग पर निर्भर करेगा।" सूत्र ने कहा कि इस फंड का इस्तेमाल कैपिटल एक्सपेंडिचर के साथ-साथ कंपनी के कर्ज को कम करने के लिए किया जाएगा। 30 जून तक, अदाणी एंटरप्राइजेज पर 42,753 करोड़ रुपये का शुद्ध कर्ज था।
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस की सफल $1 अरब शेयर बिक्री के लिए अच्छी डिमांड देखी गई। अदाणी एनर्जी क्यूआईपी में राजीव जैन के GQG पार्टनर्स और अबू धाबी के सॉवरेन वेल्थ फंड ADIA और इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी जैसे ग्लोबल इनवेस्टर्स की दिलचस्पी देखी गई। घरेलू म्यूचुअल फंड ने 325 मिलियन डॉलर (2,700 करोड़ रुपये से अधिक) के शेयरों के लिए बोली लगाई, जिसमें SBI MF, HDFC MF, टाटा MF, बंधन, एक्सिस और अन्य फंड शामिल हैं। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, SBI MF ने 800 करोड़ रुपये के शेयरों के लिए बोली लगाई।
हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट के बीच Adani Enterprises की फंड जुटाने की तैयारी
अदाणी ग्रुप शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग के नए आरोपों के बीच फंड जुटाने की तैयारी कर रही है। नई रिपोर्ट में अदाणी ग्रुप और सेबी चीफ माधबी पुरी बुच और उनके पति धवल बुच के बीच संबंधों का दावा किया गया है। हिंडनबर्ग रिसर्च ने 10 अगस्त को कहा कि व्हिसलब्लोअर डॉक्यूमेंट्स से पता चला है कि सेबी की अध्यक्ष माधबी पुरी बुच और उनके पति की अदाणी ग्रुप से जुड़ी ऑफशोर एंटिटी में हिस्सेदारी थी।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बरमूडा और मॉरीशस में स्थित इन फंडों पर कथित तौर पर गौतम अदाणी के बड़े भाई विनोद अदाणी का नियंत्रण था और कथित तौर पर फंड में हेरफेर करने और स्टॉक की कीमतों को बढ़ाने के लिए इनका इस्तेमाल किया जाता था। हालांकि, अदाणी ग्रुप के साथ ही माधबी पुरी बुच और उनके पति ने बयान जारी करते हुए इन आरोपों का खंडन किया है।