Adani Enterprises Share Price: जेपी के फाउंडर ने रिजॉल्यूशन प्रोसेस को निष्पक्ष और पारदर्शी बताया, अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर उछले

Adani Enterprises Share Price: जेपी ग्रुप के फाउंडर चेयरमैन जयप्रकाश गौड़ ने कहा कि जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड सिर्फ एक कंपनी नहीं रही है। 1979 में स्थापना के बाद से यह भरोसे, दृढ़ता और राष्ट्रनिर्माण का सफर रही है

अपडेटेड Apr 10, 2026 पर 3:31 PM
Story continues below Advertisement
Adani Enterprise का शेयर 2.18 फीसदी चढ़कर 2,085 रुपये चल रहा था।

Adani Enterprises Share Price: जेपी ग्रुप के फाउंडर चेयरमैन जयप्रकाश गौड़ ने जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड के अधिग्रहण की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताया है। कुछ हफ्ते पहले नेशनल कंपनी लॉ ट्राइब्यूनल (एनसीएलटी) ने जयप्रकाश एसोसिएट्स के अधिग्रहण के लिए अदाणी एंटरप्राइजेज की बोली को मंजूरी दे दी थी। कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स और रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल्स की तरफ से अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की गई थी।

कंपनी ने कई प्रतिष्ठित एसेट्स बनाए

गौड़ ने कंपनी के सफर के बारे में बताते हुए कहा है, "जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड सिर्फ एक कंपनी नहीं रही है। 1979 में स्थापना के बाद से यह भरोसे, दृढ़ता और राष्ट्रनिर्माण का सफर रही है। हमने हमारे सहकर्मियों के साथ मिलकर एक संस्थान बनाया, जिसने बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट, बड़े हाइड्रोप्रोजेक्ट्स, सीमेंट प्लांट्स, जेप विश टाउन, जेपी ग्रींस और जेपी स्पोर्ट्स सिटी जैसे प्रतिष्ठित एसेट्स बनाए। यह व्यक्तिगत रूप से गर्व का सफर बना हुआ है। "


कई चुनौतियों के बाद इनसॉल्वेंसी की प्रक्रिया पूरी 

वित्तीय दबाव और इनसॉल्वेंसी प्रोसिडिंग्स के बारे में उन्होंने कहा, "हालिया वित्तीय चुनौतियां जिसके बाद कॉर्पोरेट इनसॉल्वेंसी प्रक्रिया पूरी हुई, वे सभी स्टेकहोल्डर्स के लिए मुश्किल रही हैं। इस पूरी अवधि के दौरान हमने होमबायर्स, एंप्लॉयीज, बैंक और पार्टनर्स के साथ सच्चाई और प्रतिबद्धता के साथ काम किया है ताकि मामले का भरोसेमंद और निष्पक्ष निपटारा हो सके।"

अदाणी ग्रुप और वेदांता ग्रुप का शुक्रिया

उन्होंने बिडिंग प्रोसेस के नतीजे के बारे में कहा, "मैं अदाणी ग्रुप और वेदांता ग्रुप दोनों को दिलचस्पी दिखाने और हिस्सा लेने के लिए शुक्रिया अदा करता हूं। कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स ने अदाणी ग्रुप को सफल रिजॉल्यूशन अप्लिकेंट के रूप में चुना है। हम इस फैसले का पूरी तरह सम्मान करते हैं।" गौतम अदाणी की लीडरशिप की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा है, "मुझे पूरा भरोसा है कि श्री गौतम अदाणी की लीडरशिप में जयप्रकाश एसोसिएट्स की विरासत नई ऊर्जा, जिम्मेदारी और मकसद के साथ आगे बढ़ती रहेगी। इससे सभी स्टेकहोल्डर्स की उम्मीदें पूरी हो सकेंगी। "

कमेटी ऑफ क्रडिटर्स ने पिछले साल दी थी मंजूरी

इससे पहले एक रेगुलेटरी फाइलिंग में जयप्रकाश एसोसिएट्स ने कहा कि एनसीएलटी, इलाहाबाद बेंच ने मौखिक रूप से 17 मार्च, 2026 को एक आदेश दिया था, जिसमें अदाणी एंटरप्राइजेज के रिजॉल्यूशन प्लान को मंजूरी दी गई थी। कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स ने पिछले साल नवंबर में इस प्लान को मंजूरी दी थी। अदाणी एंटरप्राइजेज की 14,535 करोड़ की बोली को क्रेडिटर का एप्रूवल मिला था।

यह भी पढ़ें: BSE-NSE में 14 अप्रैल को नहीं होगा कारोबार, अंबेडकर जयंती पर रहेगी छुट्टी

जयप्रकाश पावर और अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर उछले

10 अप्रैल को जयप्रकाश पावर वेंचर्स और अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में तेजी दिखी। Jaiprakash Power Ventures का शेयर 1.61 फीसदी चढ़कर 17 रुपये चल रहा था। Adani Enterprise का शेयर 2.18 फीसदी चढ़कर 2,085 रुपये चल रहा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।