Stock Market News: अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में आज खरीदारी का अच्छा रुझान दिखा। सिर्फ अदाणी एंटरप्राइजेज ही नहीं, जेपी पावर के भी शेयर रॉकेट बन गए। इन स्टॉक्स की चमक आज इस कारण बढ़ी क्योंकि NCLT (नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल) ने जेपी एसोसिएट्स के अधिग्रहण को लेकर अदाणी एंटरप्राइजेज की ₹14,535 करोड़ की बोली को मंजूरी दे दी तो निवेशक चहक उठे। आज अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 1.63% की बढ़त के साथ ₹2007.55 (Adani Enterprises Share Price) पर तो जेपी पावर के शेयर 7.30% के उछाल के साथ ₹15.00 (JP Power Share Price) पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 2.60% चढ़कर ₹2026.75 और जेपी पावर 11.87% उछलकर ₹15.64 तक पहुंच गया था।
Adani Enterprises का किस रिजॉल्यूशन प्लान को मिली मंजूरी?
एनसीएलटी ने इनसॉल्वेंसी प्रोसेस के जरिए जेपी एसोसिएट्स को लेकर अदाणी एंटरप्राइजेज के ₹14,535 करोड़ के रिजॉल्यूशन प्लान को मंजूरी दी है। जेपी एसोसिएट्स ने रेगुलेटरी फाइलिंग में जानकारी दी है कि एनसीएलटी की इलाहाबाद बेंच ने 17 मार्च को मौखिक रूप से एक आदेश में अदाणी एंटरप्राइजेज के रिजॉल्यूशन प्लान को मंजूरी दी। पिछले साल 2025 के नवंबर महीने में CoC (कमेटी ऑफ क्रेडिटर्स) ने अदाणी एंटरप्राइजेज के रिजॉल्यूशन प्लान को मंजूरी दी थी। अदाणी एंटरप्राइजेज ने जेपी एसोसिएट्स को लेकर वेदांता (Vedanta) और डालमिया भारत (Dalmia Bharat) को पछाड़ कर यह बोली जीती है। अदाणी एंटरप्राइजेज के रिजॉल्यूशन प्लान को 89% क्रेडिटर्स का सपोर्ट मिला जिसके बाद डालमिया सीमेंट (भारत) और वेदांता ग्रुप के रिजॉल्यूश प्लान को क्रेडिटर्स का सपोर्ट मिला।
JP Associates के बारे में
जेपी एसोसिएट्स को पिछले साल जून 2025 में ₹57,185 करोड़ के लोन पर डिफॉल्ट को लेकर सीआईआरपी (कॉरपोरेट इनसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस) में डाला गया था। इसके पास हाई क्वालिटी के एसेट्स और बिजनेस इंटेरेस्ट्स हैं जो कि रियल एस्टेट, सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग, हॉस्पिटैलिटी, पावर और इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन में फैले हुए हैं। इसके पास नोएडा में जयपी ग्रीन्स विशटाउन के एक हिस्से के तौर पर ग्रेटर नोएडा में जयपी ग्रीन्स और तैयार हो रहे जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास जयपी इंटरनेशनल स्पोर्ट्स सिटी जैसे प्रमुख रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स हैं।
इसके दिल्ली एनसीआर में तीन कमर्शियल/इंडस्ट्रियल ऑफिस स्पेस हैं तो इसके होटल बिजनेस के पास दिल्ली-एनसीआर, मसूरी और आगरा में पांच प्रॉपर्टीज हैं। इसके अलावा मध्य प्रदेश और यूपी में इसके पास चार सीमेंट प्लांट्स और एमपी में कुछ लीज पर लिए हुए लाइमस्टोन माइन्स हैं। इसका सब्सिडिरीज जेपी पावर वेंचर्स, यमुना एक्सप्रेसवे टोलिंग लिमिटेड, जयपी इंफ्रा डेवलपमेंट लिमिटेड समेत कुछ अन्य कंपनियों में निवेश है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।