Adani Green Share Price: अदाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर आज 29 जुलाई को फोकस में है। जानी-मानी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज (Jefferies) ने अदाणी ग्रुप की इस कंपनी को 'Buy' रेटिंग के साथ कवर करना शुरू किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि इंडस्ट्री की मजबूत परिस्थितियां अदाणी ग्रीन के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। जेफरीज ने अदाणी ग्रीन को 2,130 रुपये प्रति शेयर का टारगेट दिया है, जो इसके पिछले बंद भाव से करीब 18 प्रतिशत अधिक है। इस रिपोर्ट के बाद आज अदाणी ग्रीन के शेयर तेजी के साथ खुले और दिन के कारोबार में 1,838.95 रुपये के स्तर तक पहुंच गए।
जेफरीज ने कहा कि अदाणी ग्रुप ने गुजरात के खवड़ा में 30 गीगावाट के प्रोजेक्ट पर काम कर रही है, जो इसके लिए सबसे बड़ा 'गेम-चेंजर' साबित हो सकता है। कंपनी ने 14 फरवरी को खवड़ा में 551 मेगावाट की सोलर कैपिसिटी को चालू कर दिया है, जो नेशनल ग्रिड को बिजली सप्लाई कर रही है।
अदाणी एनर्जी ने शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया था कि वह RE पार्क में 30 गीगावाट की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता विकसित करने की योजना बना रही है। इस पूरी क्षमता के अगले 5 सालों में चालू होने की उम्मीद है। पूरा होने पर, खावड़ा RE पार्क दुनिया का सबसे बड़ा एनर्जी प्लांट होगा।
जेफरीज ने कहा कि अदाणी ग्रीन की बैलेंस शीट का लीवरेज 2030 में घटकर 2.8 गुना रह जाएगा, जो अभी 6.4 गुना है। इसके अलावा, कंपनी का कैपिटल मैनेजमेंट काफी अच्छा है और वो सोचसमझकर निवेश कर रही है। खवड़ा सोलर प्लांट की सफलता अदाणी ग्रीन के भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस प्रोजेक्ट से कंपनी की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता में बढोतरी होगी और इसे नेशनल एनर्जी ग्रिड में महत्वपूर्ण योगदान देने की अनुमति मिलेगी।
NSE पर सुबह 11.30 बजे के करीब, अदाणी ग्रीन के शेयर 1.56 फीसदी की तेजी के साथ 1,831.75 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। इस साल अबतक कंपनी के शेयरों में करीब 14.73 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में करीब 67.96 फीसदी की तेजी आई है।
मौजूदा वित्त वर्ष की जून तिमाही में अदाणी ग्रुप का टोटल इनकम 22.5 फीसदी बढ़कर 3,122 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 2,550 करोड़ रुपये था। कंपनी ने पिछले एक साल के दौरान अपनी क्षमता में 2,618 मेगावॉट का इजाफा किया है, जिससे इसे अपना रेवेन्यू और ऑपरेटिंग प्रॉफिट बढ़ाने में मदद मिली।