Adani Ports VOC Port Outer Harbour Project: भारत के पोर्ट्स और मैरीटाइम इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में अपना दबदबा और मजबूत करने के लिए अदाणी पोर्ट्स ने एक और बड़े प्रोजेक्ट के लिए ताल ठोक दी है। तमिलनाडु के थूथुकुडी (तूतीकोरिन) स्थित वी.ओ. चिदंबरनार (VOC) पोर्ट के ₹11,733 करोड़ के आउटर हार्बर इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को हासिल करने की रेस में अदाणी पोर्ट्स सबसे आगे दिखाई दे रही है।
वीओसी पोर्ट अथॉरिटी के सूत्रों के अनुसार, इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए अदाणी पोर्ट्स के साथ मेघा इंजीनियरिंग (MEIL) और विश्व समुद्र इंजीनियरिंग भी मुकाबले में हैं।
₹17,167 करोड़ के मास्टर प्लान का हिस्सा है यह प्रोजेक्ट
यह पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट थूथुकुडी को देश के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और समुद्री कनेक्टिविटी का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए तैयार किया गया है:
कुल प्रोजेक्ट लागत: वीओसी पोर्ट के आउटर हार्बर डेवलपमेंट का कुल प्लान ₹17,167 करोड़ का है।
हार्बर इंफ्रास्ट्रक्चर (₹11,733 करोड़): जिसके लिए अदाणी पोर्ट्स रेस में है, इसमें बंदरगाह के बाहरी इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण शामिल है।
कंटेनर टर्मिनल (₹5,434 करोड़): इसे दो चरणों में डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस, ऑपरेट एंड ट्रांसफर (DBFOT) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा।
कैबिनेट से मंजूरी: हाल ही में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCEA) ने इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी थी, जिससे बंदरगाह की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता में भारी बढ़ोतरी होगी।
हाइब्रिड एनुटी मॉडल (HAM) से निजी क्षेत्र को बढ़ावा
बंदरगाह प्राधिकरण ने इस प्रोजेक्ट के लिए तीसरी बार टेंडर जारी किया है और इस बार मॉडल में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले इस प्रोजेक्ट को DBFOT मॉडल पर लाने की योजना थी, लेकिन बाद में निजी कंपनियों की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी आकर्षित करने के लिए इसे हाइब्रिड एनुटी मॉडल (HAM) में बदल दिया गया।
HAM मॉडल जो आमतौर पर नेशनल हाइवे प्रोजेक्ट्स में इस्तेमाल होता है इसके तहत 40% लागत सरकार निर्माण के दौरान वहन करेगी, जबकि बाकी 60% फंड विजेता प्राइवेट डेवलपर (जैसे- अदाणी पोर्ट्स या अन्य) द्वारा लगाया जाएगा।
अदाणी पोर्ट्स के लिए क्यों अहम है यह डील?
अदाणी पोर्ट्स पहले से ही भारत के पूर्वी और पश्चिमी तटों पर कई प्रमुख बंदरगाहों (जैसे- मुंद्रा, विझिंजम, कटुपल्ली आदि) का सफल संचालन कर रही है। दक्षिण भारत के रणनीतिक समुद्री मार्ग पर स्थित वीओसी पोर्ट के इस आउटर हार्बर प्रोजेक्ट को जीतने से अदाणी समूह के मैरीटाइम पोर्टफोलियो और कार्गो क्षमता में जबरदस्त इजाफा होगा।