Adani Group News: अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ग्रुप की ही एक कंपनी अदाणी विल्मर (Adani Wilmar) में अपनी हिस्सेदारी घटाने वाली है। अदाणी ग्रुप ने इस कंज्यूमर-स्टेपल ज्वाइंट वेंचर को विल्मर इंटरनेशनल के साथ मिलकर शुरू किया था। अब अदाणी एंटरप्राइजेज इस कंपनी में अपनी हिस्सेदारी घटाना चाहती है ताकि वह अपने कोर बिजनेस के लिए पूंजी रख सके। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग को यह जानकारी सूत्रों के हवाले से मिली है। जानकारी के मुताबिक गौतम अदाणी (Gautam Adani) के अदाणी ग्रुप की यह कंपनी कुछ महीनों से अदाणी विल्मर में अपनी 44 फीसदी हिस्सेदारी की बिक्री पर विचार कर रही है। मौजूदा शेयर भाव के हिसाब से अदाणी विल्मर में ग्रुप की वैल्यू करीब 270 करोड़ डॉलर की है। अभी इसे लेकर कोई फैसला नहीं हो सका है। वहीं अदाणी ग्रुप के प्रवक्ता ने इसे लेकर कहा कि ग्रुप स्पेक्युलेशन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देता है। विल्मर के प्रतिनिधि ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
