Adani Group Stocks: अदाणी ग्रुप के शेयरों के लिए मंगलवार 25 जुलाई का दिन काफी मंगल भरा रहा। ग्रुप की शेयर बाजार में सूचीबद्ध सभी 10 कंपनियों के शेयर तूफानी तेजी के साथ बंद हुए। 3 शेयरों में तो अपर सर्किट लगा। वहीं 2 शेयर 10% की उछाल के साथ बंद हुए। सबसे अधिक तेजी अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) के शेयरों में देखने को मिली, जो बीएसई पर अपनी 10% पर्सेंट की अपर सर्किट सीमा को छूकर 1,089.15 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस तेजी के पीछे एक बड़ी वजह यह रही कि अदाणी ग्रीन एनर्जी ने अगस्त में तमाम निवेशकों के साथ मीटिंग की योजना बनाई है।
कंपनी का मैनेजमेंट 16 से 22 अगस्त के बीच एवेंडस स्पार्क, एमके ग्लोबल और मोतीलाल ओसवाल से अलग-अलग मुलाकात करेगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विदेशी ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने भी 30 अगस्त को कंपनी के क्रेडिट एनालिस्ट और इनवेस्टर्स मीटिंग में भाग लेने में रुचि दिखाई है।
अदाणी ग्रीन एनर्जी के अलावा अदाणी पावर (Adani Power) के शेयरों में भी मंगलवार को करीब 10 फीसदी की तेजी देखने को मिली। बीएसई पर कंपनी के शेयर 9.98 फीसदी की तेजी के साथ 261.80 रुपये के भाव पर बंद हुए। इसके वॉल्यूम में आज करीब 7 गुना उछाल देखने को मिली।
निवेशकों ने कुछ ऐसी ही दिलचस्पी अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) के शेयरों में भी दिखाई, जो बीएसई पर 8.22 फीसदी की तेजी के साथ 837.00 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
अदाणी ग्रुप ने हाल ही में शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया था कि अमेरिकी इनवेस्टमेंट फर्म GQG पार्टनर्स ने अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) में 3 फीसदी अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदी है। इसके साथ ही अदाणी ट्रांसमिशन में अब GQG पार्टनर्स की कुल हिस्सेदारी 6.54 फीसदी हो गई है।
ग्रुप के बाकी शेयरों में अदाणी विल्मर (Adani Wilmer) के शेयर बीएसई पर 5.09 फीसदी की तेजी के साथ 419.00 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) और एनडीटीवी (NDTV) दोनों के शेयरों में 5% की तेजी के साथ अपर सर्किट लगा और ये क्रमश: 662.45 और 238.75 रुपये के भाव पर बंद हुए।
इसके अलावा एसीसी (ACC) के शेयर 4.83 फीसदी की तेजी के साथ 1,891.6 रुपये के भाव पर बंद हुए। जबकि अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) के शेयर 4.51 फीसदी बढ़कर 441.60 रुपये पर बंद हुए। ग्रुप की सबसे मुख्य कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के शेयरों में 1.97 फीसदी की तेजी रही और यह 2,466.05 रुपये के भाव पर बंद हुआ। वहीं अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) 1.99 फीसदी की छलांग लगाकर 749.00 रुपये के स्तर पर बंद हुआ।