Adani Stocks: अदाणी के शेयरों ने लगाई छलांग, MSCI ने ग्रुप की कंपनियों पर लगी रोक हटाई

Adani Group Stocks: सबसे अधिक तेजी अदाणी टोटल गैस और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों में देखने को मिली, जो क्रमश: 2 फीसदी और 1.7 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा अदाणी ग्रीन एनर्जी (1.3%), अदाणी पावर (0.77%), अदाणी विल्मर (0.53%) और एसीसी सीमेंट्स (0.5%) के शेयर भी बढ़त में कारोबार कर रहे थे

अपडेटेड Aug 13, 2024 पर 11:50 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Adani Group Stocks: MSCI ने फरवरी 2023 में अदाणी ग्रुप की कंपनियों के कवरेज पर रोक लगाई थी

Adani Group Stocks: अदाणी ग्रुप की अधिकतर कंपनियों के शेयर मंगलवार 13 अगस्त को तेजी के साथ खुले। ग्रुप के शेयरों में यह तेजी इस खबर के बाद आई कि MSCI (मॉर्गन स्टैनली कैपिटल इंटरनेशनल) ने अपनी अगस्त समीक्षा के तहत अदाणी ग्रुप की कंपनियों पर लगे बैन को हटाने का फैसला किया है। इसके अलावा हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट का असर भी खत्म होता हुआ दिखा। MSCI ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि वह अपनी अगस्त की समीक्षा के बाद उन बदलावों को लागू करेगी, जिसमें अदाणी ग्रुप और उससे जुड़ी कंपनियों के शेयरों की संख्या, विदेशी और घरेलू हिस्सेदारी में बदलाव आदि शामिल है।

MSCI ने यह भी कहा कि वह 2 सितंबर 2024 से इन शेयरों से जुड़े कॉरपोरेट इवेंट्स को नियमित अपडेट करना शुरू करेगी। बयान में कहा गया, "MSCI अदाणी ग्रुप, उससे जुड़ी सिक्योरिटीज और फ्री फ्लोट शेयरों की निगरानी करना जारी रखेगा और अगर कुछ बदलाव होता है तो वह आगे इसमें अपडेट जारी करेगा।"

इससे पहले MSCI ने फरवरी 2023 में फ्री फ्लोट को लेकर चिंता जताते हुए अदाणी ग्रुप के शेयरों के एडजस्टमेंट पर रोक लगा दी थी। MSCI ने यह कदम हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद उठाया था, जिसके कारण ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली हुई थी।


अदाणी ग्रुप की शेयर बाजार में 10 कंपनियां सूचीबद्ध हैं। BSE पर सुबह 10.30 बजे के करीब, इसमें 7 कंपनियां हरे निशान में कारोबार कर रही थीं। वहीं 3 कंपनियां लाल निशान में थी। सबसे अधिक तेजी अदाणी टोटल गैस और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों में देखने को मिली, जो क्रमश: 2 फीसदी और 1.7 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा अदाणी ग्रीन एनर्जी (1.3%), अदाणी पावर (0.77%), अदाणी विल्मर (0.53%) और एसीसी सीमेंट्स (0.5%) के शेयर भी बढ़त में कारोबार कर रहे थे।

हालांकि अदाणी ग्रुप की मुख्य कंपनी, अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 1.17 फीसदी की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसके अलावा अदाणी पोर्ट्स और अंबुजा सीमेंट्स के शेयरों में भी मामूली गिरावट देखी गई।

यह भी पढ़ें- MSCI Rejig: वोडाफोन आइडिया, RVNL सहित इन 7 शेयरों के लिए आई अच्छी खबर, दिख सकती है तगड़ी खरीदारी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।