महाराष्ट्र को चुनाव नतीजों के बाद बाजार पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के मैनेजिंग एडीटर अनुज सिंघल ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को ही कहा था कि अगर महाराष्ट्र में महायुति की सरकार आती है तो बाजार में जोरादार तेजी आएगी। इसके साथ ही अगर देवेन्द्र फडणवीस मुख्य मंत्री बनते हैं तो फिर इस तेजी में और 500 अंक जुड़ जाएंगे। बीजेपी के आज जिस तरह के नंबर आए हैं उसको देखते हुए अब ये संभव लग रहा है कि देवेन्द्र फडणवीस ही मुख्य मंत्री बनेंगे। शुक्रावर को बाजार इसी जीत का इंतजार कर रहा था जो आज देखने को मिली है।
अनुज सिंघल ने आगे कहा कि उनके होश संभालने से अब तक देवेन्द्र फडणवीस महाराष्ट्र के सबसे प्रो डेवलपमेंट मुख्यमंत्री रहे हैं। महाराष्ट्र में जबरदस्त जीत हुई है। इस जीत से साफ है कि बीजेपी गठबंधन ने लोकसभा इलेक्शन के बाद बहुत कुछ सीखा है और अपने में सुधार किया है। हरियाणा चुनाव के साथ ही जोरदार वापसी की है। आज के नतीजों से 2029 तक का मामला साफ लग रहा है। कई लोगों को तो लग रहा है कि 2034 में भी बीजेपी की ही जीत होगी। महाराष्ट्र देश का दूसरा सबसे बड़ा स्टेट है। इसके साथ ही ये देश का सबसे समृद्ध स्टेट भी है। इस हिसाब से महाराष्ट्र ने आगे की राजनीति की दिशा दिखा दी है। कुछ ही साल में बिहार और यूपी में भी इलेक्शन होने वाले हैं। अगर वहां पर भी यही प्रदर्शन दुहराया गया तो बाजार में बूम आ जाएगा।
अनुज सिंघल का कहना है कि बाजार में अब मंदड़ियों की पिटाई होगी। कुछ मंदड़ियों ने चालाकी दिखाते हुए शुक्रवार को अपनी पोजीशन कवर कर ली थी। जिन्होंने नहीं की है उनकी दुर्गति होने वाली है। इस बाजार में एफआईआई अभी भी काफी ज्यादा शॉर्ट पोजीशन पर हैं। मार्केट अब इन शॉर्ट को कवर करने का मौका नहीं देगा। मंडे को उन्होंने गैप अप में कवर कर लिया तो कर लिया नहीं तो उसके बाद इनको कवर करने का मौका नहीं मिलने वाला है।
अनुज सिंघल ने कहा कि अगर सोमवार को बाजार बहुत ज्यादा गैप-अप से साथ खुलता है तो बाजार खुलने के बाद 15-20 मिनट वेट करें। क्योंकि पहले 15-20 मिनट में कॉल प्राइसेज काफी जंप करेंगी। उसके बाद हल्की डिप का वेट करें। फिर 9.45-10 बजे के बीच आप एक्सपायरी वीक को ध्यान में रखते हुए कॉल्स के जरिए निफ्टी और बैंक निफ्टी में और हिम्मत करके गैप-अप में भी डिफेंस स्टॉक्स, रेलवे स्टॉक्स, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग स्टॉक्स और बाकी के पीएसयू स्टॉक्स (जिनको बेसिकली मोदी स्टॉक्स कह सकते हैं) पर फोकस करें। यहां पर कई स्टॉक्स अपने हाई से करीब 40 फीसदी नीचे दिख रहे हैं। इन शेयरों में नए सिरे से तेजी आएगी। ऐसे शेयर जो खराब बाजार में भी गिरे नहीं थे अब और तेजी पकड़ेंगे। इस समय ऐसे शेयरों को पकड़ें जिनके दूसरी तिमाही के नतीजे भले खराब रहे हों लेकिन इसके पहले उनके नतीजे मजबूत थे और जो फंडामेंटली मजबूत हैं।
अब जिस तरीके के नतीजे महाराष्ट्र में आए हैं उससे साफ है कि भाजपा अब फ्रंट फुट पर बैटिंग करेगी। लोक सभा चुनावों के बाद सरकार कई सारे प्रस्तावों पर हिचक रही थी। इसमें इश्योरेंस में एफडीआई,पीएसयू के विनिवेश जैसे प्रस्ताव शामिल थे। आज की जीत के बाद इस बात की उम्मीद बनी है कि अब इन प्रस्तावों पर तेजी से काम होगा। चैनलों को पास ब्रेक करने के लिए बहुत सी खबरें आएंगी। रिफॉर्म की गाड़ी जो थोड़ी सी डिरेल हो गई थी वह अब वापस पटरी पर आएगी। ऐसे में निवेशकों को आगे काफी मौके मिलने वाले हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।