अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स के शेयरों में आज 11 जुलाई को 8 फीसदी से अधिक की दमदार रैली देखी गई। इस समय यह स्टॉक BSE पर 3.67 फीसदी की बढ़त के साथ 1472.20 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, कंपनी को एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) से 893.48 करोड़ रुपये का नया ऑर्डर मिला है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयरों में आज जमकर खरीदारी देखी गई। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 9,810 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 1,540 रुपये और 52-वीक लो 649.40 रुपये है।
Ahluwalia Contracts को मिले ऑर्डर से जुड़ी डिटेल
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने वाराणसी में लाल बहादुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के डेवलपमेंट के लिए अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स को 893.48 करोड़ रुपये का यह ऑर्डर दिया है। कंपनी ने एक फाइलिंग में कहा कि इस ऑर्डर को 36 महीनों के भीतर पूरा किया जाना है, जिसमें एक नए टर्मिनल बिल्डिंग का कंस्ट्रक्शन और इंजीनियरिंग प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल से जुड़ा कार्य शामिल हैं।
Ahluwalia Contracts को पहले भी मिले हैं बड़े ऑर्डर
पिछले हफ्ते कंपनी ने बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट पर एक नया टर्मिनल बनाने के लिए AAI से 572 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिलने की घोषणा की। इस प्रोजेक्ट के 24 महीने के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। पिछले महीने, अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स ने 2245.15 करोड़ रुपये के दो बड़े ऑर्डर का खुलासा किया। पहला ऑर्डर इंडिया ज्वैलरी पार्क, मुंबई से 2,157 करोड़ रुपये का है और इसमें नवी मुंबई में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क का कंस्ट्रक्शन शामिल है। इसके अलावा, 88.15 करोड़ रुपये का दूसरा ऑर्डर पार्क पर सिविल वर्क के लिए डेफोडिल होटल प्राइवेट लिमिटेड से मिला है।
कैसा रहा है Ahluwalia Contracts के शेयरों का प्रदर्शन
पिछले एक महीने में अहलूवालिया कॉन्ट्रैक्ट्स के शेयरों में 25 फीसदी की तेजी आई है। पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 75 फीसदी का तगड़ा रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयर 88 फीसदी भाग चुके हैं। पिछले एक साल में इसके निवेशकों को 118 फीसदी का तगड़ा रिटर्न मिला है। इतना ही नहीं, पिछले 4 साल में इस स्टॉक ने 580 फीसदी का बंपर मुनाफा कराया है।