अलकार्गो लॉजिस्टिक्स के शेयर 6 अगस्त को शेयर बाजार खुलते ही रॉकेट बन गए। इसकी वजह केंद्र सरकार का एक बड़ा कदम है। सरकार ने कनटेनर ट्रेन ऑपरेटर्स (सीटीओ) के लाइसेंसिंग नियमों को आसान बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे कनटेनर ट्रेन ऑपरेटर्स एक सिंगल लाइसेंस से देशभर में कनटेनर ट्रेनें चला सकेंगे। इसका फायदा अलकार्गो लॉजिस्टिक्स को होगा।
शेयरों में 15 फीसदी से ज्यादा उछाल
Allcargo Logistics का शेयर 6 अगस्त को 10:50 बजे 15.23 फीसदी चढ़कर 9.37 रुपये पर चल रहा था। बीते एक साल में यह शेयर 73.05 फीसदी गिरा है। सिंगल लाइसेंस के तहत देशभर में कार्गो ट्रेन ऑपरेट करने की मंजूरी देने से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बढ़ेगा। साथ ही रेलवे से माल ढुलाई में प्राइवेट कंपनियों की हिस्सेदारी बढ़ेगी।
MCA में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी
रेल मंत्रालय ने मॉडल कनसेशन एग्रीमेंट्स (MCA) में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इससे अब सीटीओ को अलग-अलग रूट के लिए अलग-अलग लाइसेंस लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे सिर्फ एक लाइसेंस से देशभर में ऑपरेट कर सकेंगे। रेलवे का पूरा नेटवर्क एक लाइसेंस के तहत आ जाएगा। सरकार के गजट नोटिफिकेशन इश्यू करते ही नया नियम लागू हो जाएगा।
एक लाइसेंस से देशभर में ऑपरेट करने की सुविधा
नई पॉलिसी के तहत सभी अप्लिकेंट्स को एक समान, नॉन-रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन फीस चुकानी होगी। यह फीस 25 करोड़ रुपये होगी। इसके बाद सीटीओ देशभर में रेल नेटवर्क के किसी रूट पर कनटेनर ट्रेनें चला सकेंगे। सरकार के इस कदम का असर गेटवे डिस्ट्रिपार्क्स और कॉनकोर के शेयरों पर देखने को नहीं मिला। दोनों कंपनियों के शेयरों में हल्की तेजी दिखी।
अलकार्गो का जून तिमाही में शानदार प्रदर्शन
अलकार्गो लॉजिस्टिक्स ने जून तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। इस दौरान कंपनी का टैक्स से पहले प्रॉफिट (PBT) साल दर साल आधार पर 258 फीसदी बढ़कर 31 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का कंसॉलिडेटेड एबिड्टा 39 फीसदी बढ़कर 71 करोड़ रुपये हो गया। स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट 14 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 10 करोड़ रुपये लॉस हुआ था।
शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक हरे निशान में
6 अगस्त को शेयर बाजारों में तेजी दिखी। सेंसेक्स 0.18 फीसदी यानी 129 अंक के उछाल के साथ 78,726 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी में भी 0.30 फीसदी की मजबूती दिखी। HAL, Shriram Fianance, Eternal, Cipla के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दिखी। पावरग्रिड, बॉश, एनटीपीसी और ट्रेंट गिरने वाले दिग्गज शेयरों में शामिल थे।