Amber Enterprises India Stock Price: इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज बनाने वाली अंबर एंटरप्राइजेज इंडिया के शेयर में 23 जनवरी को जबरदस्त खरीद से 12 प्रतिशत तक की तेजी दिखी और बीएसई पर कीमत 7033.45 रुपये के हाई तक चली गई। इसके साथ ही शेयर में पिछले दो कारोबारी सेशन से दिख रही गिरावट थम गई। कारोबार बंद होने पर शेयर लगभग 8 प्रतिशत बढ़त के साथ 6774 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी आज, 23 जनवरी को अक्टूबर-दिसंबर 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने वाली है। उम्मीद की जा रही है कि कंपनी वापस मुनाफे में लौट आएगी।
CNBC-TV18 के पोल के मुताबिक, दिसंबर 2024 तिमाही में Amber Enterprises India का शुद्ध मुनाफा 23 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है। एक साल पहले कंपनी ने 50 लाख रुपये का घाटा देखा था। वहीं रवेन्यू के सालाना आधार पर 33 प्रतिशत बढ़कर 1,722 करोड़ रुपये और EBITDA के 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 120 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। EBITDA मार्जिंस के भी 90 बेसिस पॉइंट बढ़कर 6.9 प्रतिशत पर पहुंच जाने की उम्मीद है।
सितंबर तिमाही में Amber Enterprises को हुआ था 12 करोड़ का घाटा
बीएसई के डेटा के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में अंबर एंटरप्राइजेज का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 875.43 करोड़ रुपये रहा था। इस बीच कंपनी ने स्टैंडअलोन बेसिस पर 12.35 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया। इस बार मैनेजमेंट कमेंट्री के लिए जिन क्षेत्रों पर खास ध्यान रहेगा, उनमें नए ग्राहक जोड़ना, स्टैंडअलोन ऑपरेशंस के साथ-साथ सब्सिडियरीज के ऑपरेशंस के लिए आउटलुक, डिमांड ट्रेंड्स और नॉन-आरएसी, इलेक्ट्रॉनिक्स और रेलवे क्षेत्रों में मार्जिन ग्रोथ शामिल रहने की उम्मीद है।
एक साल में शेयर 85 प्रतिशत चढ़ा
अंबर एंटरप्राइजेज इंडिया का मार्केट कैप 23,000 करोड़ रुपये हो गया है। बीएसई के मुताबिक, पिछले एक साल में शेयर लगभग 85 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में प्रमोटर्स के पास दिसंबर 2024 के आखिर तक 39.72 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर ने 52 सप्ताह का उच्च स्तर 8,167.10 रुपये 7 जनवरी 2025 को क्रिएट किया था। वहीं 52 सप्ताह का निचला स्तर 2,991.20 रुपये 20 मार्च 2024 को देखा गया।