Amber Enterprises का शेयर 11% से ज्यादा उछला! Q2FY27 में कंपनी का रेवेन्यू 60% बढ़ा, घाटा भी हुआ दोगुना

Q2FY27 के मिले-जुले नतीजों के बाद Amber Enterprises India के शेयर में शुक्रवार को जोरदार तेजी आई। रेवेन्यू 60% बढ़कर अनुमान से कहीं आगे निकल गया। घाटा बढ़कर 66 करोड़ रुपये पहुंचा, फिर भी शेयर 6,909 रुपये तक चढ़ गया।

अपडेटेड Nov 13, 2026 पर 12:09 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Amber Enterprises का शेयर 11% से ज्यादा उछल गया।

Amber Enterprises India के शेयर में शुक्रवार, 13 नवंबर को जोरदार तेजी आई। कंपनी के Q2FY27 के नतीजे मिले-जुले रहे। इलेक्ट्रॉनिक्स डिवीजन के दम पर रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान से कहीं आगे निकल गई। दूसरी तरफ कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेगमेंट की कमजोरी ने मार्जिन को अनुमान से काफी नीचे धकेल दिया। फिर भी शेयर ने गिरावट से शुरुआत करने के बाद पलटी मारी और 11% से ज्यादा उछल गया।

6,909 रुपये तक दौड़ा

पिछले कारोबारी दिन Amber Enterprises का शेयर 6,215 रुपये पर बंद हुआ था। शुक्रवार को शेयर की शुरुआत कमजोर रही और ये 2.65% गिरकर 6,050 रुपये पर खुला। इसके बाद खरीदारी आई और शेयर ने तेजी से रुख बदल लिया। ये 6,909 रुपये के हाई तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 11.17% ऊपर है। ओपनिंग भाव से हाई तक शेयर 14.2% चढ़ा। सुबह 11:51 बजे शेयर 9.36% की बढ़त के साथ 6,796.90 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।


2 हफ्ते में 15% चढ़ा, लेकिन 6 महीने में 18% टूटा

हाल के दिनों में शेयर में अच्छी रिकवरी दिखी है। एक हफ्ते में ये 6% तक चढ़ चुका है, जबकि 2 हफ्ते में इसकी बढ़त 15% तक है। लंबा दायरा देखें तो तस्वीर अलग है। 6 महीने में शेयर 18% तक गिर चुका है और इस साल अब तक करीब 4% नीचे है।

शेयर का 52 हफ्ते का हाई 8,970 रुपये और लो 5,404 रुपये है। आज की तेजी के बाद भी शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई से 24.23% नीचे है।

इलेक्ट्रॉनिक्स डिवीजन के दम पर 60% बढ़ा रेवेन्यू

Q2FY27 में कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल की इसी तिमाही से 60% बढ़कर 2,627 करोड़ रुपये पहुंच गया। पोल में सिर्फ 19% ग्रोथ का अनुमान लगाया गया था। इस ग्रोथ के पीछे सबसे बड़ा हाथ इलेक्ट्रॉनिक्स डिवीजन का रहा। इस डिवीजन की रेवेन्यू 94% उछली, जबकि अनुमान 30% ग्रोथ का था।

मार्जिन पर दबाव, घाटा बढ़कर 66 करोड़ रुपये

कमाई जितनी तेजी से बढ़ी, मुनाफे की तस्वीर उतनी ही कमजोर रही। EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 180 bps घटकर 3.7% पर आ गया। पोल में इसके 7.1% रहने का अनुमान था। ग्रॉस मार्जिन भी 200 bps घटकर 19% रहा।

सबसे बड़ी चोट कंज्यूमर ड्यूरेबल्स डिवीजन से आई। कंपनी की रेवेन्यू में इस डिवीजन की हिस्सेदारी करीब 47% है, और इस तिमाही ये PBIT लेवल पर घाटे में चला गया। कंपनी ने इस डिवीजन में मार्जिन पर दबाव की 4 वजहें बताई हैं: कमोडिटी की बढ़ती कीमतें, करेंसी में उतार-चढ़ाव, न्यूनतम मजदूरी में बदलाव, और Sri City के नए प्लांट का खर्च। ये प्लांट अभी रैंप-अप के दौर में है।

इसका असर नेट नतीजों पर भी दिखा। तिमाही में कंपनी का घाटा 66 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 32 करोड़ रुपये था। पोल में 57 करोड़ रुपये के घाटे का अनुमान था, यानी घाटा उम्मीद से भी ज्यादा रहा।

FY27 के लिए कंपनी का गाइडेंस

आगे के लिए कंपनी को उम्मीद है कि कंज्यूमर ड्यूरेबल्स डिवीजन की रेवेन्यू ग्रोथ मोटे तौर पर रूम एयर कंडीशनर (RAC) इंडस्ट्री की ग्रोथ के बराबर रहेगी। इस सेगमेंट में मार्जिन पर दबाव बने रहने की आशंका है। कंपनी के मुताबिक, पूरे साल में इसका असर 50 से 100 bps तक रह सकता है। रेलवे सब-सिस्टम्स कारोबार के लिए कंपनी को FY27 में करीब 15-20% रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीद है।

Defence Stock: रॉकेट बन सकता है ये सरकारी डिफेंस शेयर! नोमुरा, CLSA ने दिया इतने का टारगेट

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।