Anand Rathi Wealth करेगी 370000 शेयरों का बायबैक, FY24 के लिए ₹9/शेयर का फाइनल डिविडेंड घोषित

Anand Rathi Wealth Share Buyback: कंपनी दिसंबर 2021 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। कंपनी पहली बार शेयर बायबैक करने वाली है। 12 अप्रैल को शेयर बीएसई पर 2.68 प्रतिशत बढ़कर 4014.05 रुपये पर बंद हुए। Anand Rathi Wealth के बोर्ड ने अपने शेयरधारकों को वित्त वर्ष 2024 के लिए 9 रुपये/शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है

अपडेटेड Apr 13, 2024 पर 1:44 PM
Story continues below Advertisement
Anand Rathi Wealth ने जनवरी-मार्च 2024 और वित्त वर्ष 2024 के वित्तीय नतीजे भी जारी किए हैं।

Anand Rathi Wealth Share Buyback: स्टॉक ब्रोकिंग फर्म आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड 3,70,000 तक इक्विटी शेयरों का बायबेक करने वाली है। कंपनी के बोर्ड से इसे मंजूरी मिल गई है। शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा गया कि बायबैक 4,450 रुपये प्रति इक्विटी शेयर पर होगा। 5 रुपये फेस वैल्यू वाले 3,70,000 शेयरों को कंपनी वापस खरीदेगी। इस तरह बायबैक की कुल वैल्यू 164.65 करोड़ रुपये रहेगी। आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड के बोर्ड की मीटिंग 12 अप्रैल को हुई थी।

कंपनी पहली बार शेयर बायबैक करने वाली है। बायबैक में वे शेयरधारक/शेयरों के लाभार्थी मालिक हिस्सा ले सकेंगे, जिनके नाम रिकॉर्ड डेट तक रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे। इनमें प्रमोटर्स, प्रमोटर ग्रुप के सदस्य भी शामिल हैं। बायबैक पर अभी शेयरधारकों की मंजूरी लिया जाना बाकी है और रिकॉर्ड डेट का ऐलान भी जल्द ही होगा।

FY24 में मुनाफा 34% बढ़ा


कंपनी ने जनवरी-मार्च 2024 और वित्त वर्ष 2024 के वित्तीय नतीजे भी जारी किए हैं। जनवरी-मार्च में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 33 प्रतिशत बढ़कर 57 करोड़ रुपये हो गया। वहीं रेवेन्यू सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 197 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2024 में Anand Rathi Wealth Ltd का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 34 प्रतिशत बढ़कर 226 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 35 प्रतिशत बढ़कर 752 करोड़ रुपये हो गया।

FY24 के लिए फाइनल डिविडेंड मंजूर

कंपनी के बोर्ड ने अपने शेयरधारकों को वित्त वर्ष 2024 के लिए 5 रुपये फेस वैल्यू वाले हर एक इक्विटी शेयर पर 9 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है। इस पर अब आगामी सालाना आम बैठक में सदस्यों की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद बैठक से 30 दिनों के अंदर डिविडेंड का भुगतान कर दिया जाएगा। 5 रुपये प्रति शेयर के इंटरिम डिविडेंड को मिलाकर कंपनी का वित्त वर्ष 2024 के लिए घोषित कुल डिविडेंड 14 रुपये प्रति शेयर हो गया है।

Anand Rathi Wealth Ltd दिसंबर 2021 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। पिछले एक साल में शेयर की कीमत 383 प्रतिशत चढ़ी है। 12 अप्रैल को शेयर बीएसई पर 2.68 प्रतिशत बढ़कर 4014.05 रुपये पर बंद हुए।

Axis Securities ने इस शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ शुरू किया कवरेज, कीमत 26% तक चढ़ने की उम्मीद

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।