Anand Rathi Wealth Share Price: आनंद राठी के शेयरों की लिस्टिंग आज BSE-NSE पर उम्मीद के मुताबिक ही रही। कंपनी के शेयर BSE पर इश्यू प्राइस से 9.46% ऊपर 602.05 रुपए पर हुई है। जबकि NSE पर इसके शेयर 9.09% प्रीमियम के साथ 600 रुपए से आगाज किया है। कंपनी के शेयरों का इश्यू प्राइस 550 रुपए था। बाजार के जानकार पहले से ही इसका अनुमान लगा रहे थे कि Anand Rathi Wealth के शेयरों की लिस्टिंग 10% प्रीमियम के आसपास हो सकती है।
Anand Rathi Wealth का इश्यू 2 दिसंबर को खुला और 6 दिसंबर को बंद हुआ था। कंपनी इश्यू से 660 करोड़ रुपए जुटा रही है। कंपनी के 84.75 लाख इक्विटी शेयरों के बदले 8.29 करोड़ इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगी थी। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व पोर्शन 2.5 गुना सब्सक्राइब हुआ और नॉन इंस्टीट्शनल इनवेस्टर्स की तरफ से 25.42 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। रिटेल इनवेस्टर्स की तरफ से 7.76 गुना और कर्मचारियों की तरफ से रिजर्व पोर्शन के लिए 1.32 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।
कंपनी के पास 31 अगस्त 2021 तक 29,472 करोड़ रुपए का कुल AUM (एसेट अंडर मैनेजमेंट) था। कंपनी अपनी प्राइवेट वेल्थ यूनिट (PWU) के जरिए वेल्थ मैनेजमेंट का काम करती है। PWU के अलावा उसके दो नए टेक्नोलॉजी आधारित वर्टिकल्स- डिजिटल वेल्थ और ओम्नी फाइनेंशियल एडवाइजर्स भी हैं।
14 दिसंबर को शेयर बाजार में लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में Anand Rathi Wealth के अनलिस्टेड शेयरों का प्रीमियम 50 रुपए चल रहा था। कंपनी के IPO का इश्यू प्राइस 550 रुपए है। CapitalVia के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने कहा, कंपनी का इश्यू 9.78 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इससे संकेत मिल रहा था कि इसकी लिस्टिंग इश्यू प्राइस से 10% प्रीमियम के साथ हो सकती है।