Anant Raj Q4 Results: डेटा सेंटर कंपनी का मुनाफा 23% बढ़ा, डिविडेंड का भी ऐलान
Anant Raj Q4 Results: रियल एस्टेट और डेटा सेंटर कंपनी Anant Raj ने चौथी तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का मुनाफा 23 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि डेटा सेंटर कारोबार में भी तेज ग्रोथ देखने को मिली। कंपनी ने डिविडेंड का एलान किया है और डेटा सेंटर क्षमता तेजी से बढ़ाने पर फोकस कर रही है। जानिए डिटेल।
Anant Raj का शेयर सोमवार को BSE पर 3.96 फीसदी गिरकर 538.65 रुपये पर बंद हुआ।
Anant Raj Q4 Results: रियल एस्टेट और डेटा सेंटर कंपनी Anant Raj Ltd ने चौथी तिमाही में मजबूत नतीजे पेश किए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 23.6 फीसदी बढ़कर 146.6 करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 118.6 करोड़ रुपये था।
कंपनी की कुल आय भी बढ़कर 646.8 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 540.7 करोड़ रुपये थी।
EBITDA और मार्जिन का हाल
तिमाही के दौरान Anant Raj का EBITDA 17.6 फीसदी बढ़कर 167.4 करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि EBITDA मार्जिन हल्का घटकर 25.9 फीसदी रह गया, जो पिछले साल 26.3 फीसदी था।
इसके बावजूद कंपनी की ऑपरेशनल ग्रोथ मजबूत बनी हुई है और डेटा सेंटर बिजनेस से भी अच्छा सपोर्ट मिला है।
डेटा सेंटर बिजनेस में तेज बढ़त
डेटा सेंटर, इंफ्रास्ट्रक्चर और संबंधित सेवाओं से Anant Raj की आय 74.51 करोड़ रुपये रही। इस कारोबार का EBITDA 28.44 फीसदी बढ़कर 196.02 करोड़ रुपये पहुंच गया।
वहीं EBITDA मार्जिन बढ़कर 29.02 फीसदी हो गया। टैक्स से पहले मुनाफा यानी PBT 24.42 फीसदी बढ़कर 175.35 करोड़ रुपये पहुंचा। कंपनी का PAT मार्जिन भी बढ़कर 22.02 फीसदी हो गया।
पूरे साल में भी शानदार प्रदर्शन
FY26 में Anant Raj की ऑपरेशनल आय 21.92 फीसदी बढ़कर 2511.60 करोड़ रुपये पहुंच गई। डेटा सेंटर और इंफ्रास्ट्रक्चर बिजनेस से आय 176.49 करोड़ रुपये रही।
पूरे साल का EBITDA 35.94 फीसदी बढ़कर 723.15 करोड़ रुपये हो गया। वहीं PAT 30.81 फीसदी बढ़कर 557.02 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी का PAT मार्जिन भी बढ़कर 21.60 फीसदी हो गया।
डेटा सेंटर क्षमता बढ़ाने पर फोकस
Anant Raj ने कहा कि उसकी सहयोगी कंपनी Anant Raj Cloud Private Limited तेजी से डेटा सेंटर और क्लाउड बिजनेस बढ़ा रही है।
फिलहाल मानेसर में 21 MW और पंचकूला में 7 MW IT लोड क्षमता चालू है। कंपनी FY32 तक कुल 357 MW IT लोड क्षमता हासिल करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
आंध्र प्रदेश में बड़ा विस्तार
Anant Raj ने आंध्र प्रदेश सरकार के साथ 50 MW अतिरिक्त IT लोड डेटा सेंटर क्षमता के लिए MoU साइन किया है। इससे दक्षिण भारत में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत होगी।
कंपनी का कहना है कि 117 MW IT लोड क्षमता FY28 तक शुरू होने की उम्मीद है।
गुरुग्राम में लग्जरी प्रोजेक्ट्स पर दांव
रियल एस्टेट कारोबार में कंपनी को गुरुग्राम के सेक्टर 63A में Group Housing-2 प्रोजेक्ट के लिए मंजूरी मिल गई है। यह करीब 5.09 एकड़ में फैला होगा और इसमें लगभग 9 लाख वर्गफुट सेलएबल एरिया होगा।
इसके अलावा Group Housing-3 प्रोजेक्ट की मंजूरियां भी अंतिम चरण में हैं। इसमें करीब 12 लाख वर्गफुट सेलएबल एरिया विकसित किया जाएगा।
डिविडेंड का एलान
Anant Raj के बोर्ड ने FY26 के लिए 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 1 रुपये फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। इसे AGM में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लागू किया जाएगा।
नतीजों से पहले Anant Raj का शेयर सोमवार को BSE पर 3.96 फीसदी गिरकर 538.65 रुपये पर बंद हुआ।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।