Apollo Hospitals Share Price: अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज के शेयरों में आज एक ब्लॉक डील के चलते बिकवाली का दबाव दिखा। हालांकि निचले स्तर पर खरीदारी के चलते शेयर संभल गए। बिकवाली का यह दबाव ₹1489 करोड़ की एक ब्लॉक डील के चलते आया था। इस ब्लॉक डील के तहत अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयरों का लेन-देन ₹7850 के भाव पर हुआ। इसके चलते शुरुआती कारोबार में शेयर बीएसई पर 0.41% टूटकर ₹7850.70 पर आ गए। फिलहाल निचले स्तर पर रिकवरी के चलते बीएसई पर यह 0.54% के उछाल के साथ ₹7925.35 पर है। एक कारोबारी दिन पहले इसके शेयर ₹7946.85 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचे थे।
ब्लॉक डील के तहत किसने बेचे Apollo Hospitals के शेयर?
अपोलो हॉस्पिटल्स के ब्लॉक डील के तहत शेयर किसने बेचे और खरीदे, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। हालांकि गुरुवार 21 अगस्त को सीएनबीसी-टीवी18 ने खुलासा किया था कि कंपनी की प्रमोटर और एमडी सुनीता रेड्डी ब्लॉक डील के जरिए 18 लाख शेयरों की बिक्री करने वाली हैं जो कंपनी की 1.25% इक्विटी हिस्सेदारी के बराबर है। यह ब्लॉक डील करीब ₹1,395 करोड़ की होनी थी और सीएनबीसी-टीवी18 के सूत्रों के मुताबिक इस डील के लिए फ्लोर प्राइस ₹7,747 तय किया गया था। सुनीता रेड्डी के टोटल होल्डिंग की बात करें तो जून 2025 तिमाही के आखिरी में उनकी अपोलो हॉस्पिटल्स में 3.36% हिस्सेदारी थी।
अपोलो हॉस्पिटल्स के लिए चालू वित्त वर्ष 2026 की शुरुआत धमाकेदार रही। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2025 में कंपनी का कंसालिडेट लेवल पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 42% उछलकर ₹433 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 14.9% बढ़कर ₹5,842 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी का परफॉरमेंस दमदार रहा और जून तिमाही में सालाना आधार पर ऑपरेटिंग प्रॉफिट 26.3% बढ़कर ₹851.5 करोड़ पर पहुंच गया और ऑपरेटिंग मार्जिन भी 13.3% से बढ़कर 14.6% पर पहुंच गया।
अब एक साल में इसके शेयरों के चाल की बात करें तो अपोलो हॉस्पिटल्स के शेयर 28 फरवरी 2025 को ₹6002.15 पर थे जो इसके लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह छह महीने में 32.40% उछलकर 21 अगस्त 2025 को ₹7946.85 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 29 एनालिस्ट्स में से 25 ने इसे खरीदारी, 3 ने होल्ड और 1 ने सेल रेटिंग दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस ₹9400 और लोएस्ट टारगेट प्राइस ₹5700 है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।