Arrowhead Seperation IPO Listing: ड्रायर कंपनी ऐरोहेड सेपेर्शन इंजीनियरिंग (Arrowhead Seperation Engineering) के शेयरों की आज BSE के SME प्लेटफॉर्म पर शानदार एंट्री हुई। खुदरा निवेशकों के दम पर इस आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 94 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 233 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए थे। आज BSE SME पर इसकी 250 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 7.30 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Arrowhead Seperation Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद उछलकर यह 255.00 रुपये तक पहुंच गया। हालांकि फिर टूटकर यह 237.50 रुपये (Arrowhead Seperation Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले दिन आईपीओ निवेशक महज 1.93 फीसदी मुनाफे में हैं।
Arrowhead Seperation IPO में खुदरा निवेशकों ने जमकर लगाए पैसे
ऐरोहेड सेपेरेशन इंजीनियरिंग का 13 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 16-20 नवंबर के बीच खुला था। खुदरा निवेशकों के दम पर इस आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था और उनके लिए आरक्षित आधा हिस्सा 142.30 गुना भरा था। ओवरऑल यह आईपीओ 94.79 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 5.58 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल NBFC के लोन को चुकाने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
ऐरोहेड सेपेरेशन इंजीनियरिंग वैक्यूम डबल ड्रम ड्रायर, रोटरी ड्रायर, सिंगल ड्रम ड्रायर, डबल ड्रम ड्रायर्स, पैडल ड्रायर और फ्लेकर सिस्टम्स इत्यादि बनाकर देश-विदेश में बेचती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 1.79 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था जबकि अगले वित्त वर्ष 2022 में इसे 9.17 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो तेजी से अगले वित्त वर्ष 2023 में बढ़कर 1.69 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी तेजी से आगे बढ़ा है। वित्त वर्ष 2021 में इसका रेवेन्यू 9.17 करोड़ रुपये था जो वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 10.92 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में 21.72 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस वित्त वर्ष 2024 की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2023 में इसे 64.34 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा और 8.82 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ था।