Ashok Leyland Share Price: हिंदुजा समूह की ऑटोमोटिव कंपनी अशोक लीलैंड के शेयर में 26 जुलाई को 6 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। एक दिन पहले कंपनी ने अप्रैल-जून 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 6 प्रतिशत गिरकर 509 करोड़ रुपये पर आ गया। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 544 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। हालांकि जून 2024 तिमाही में कंपनी की आमदनी बढ़कर 10,754 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल इसी तिमाही में 9,735 करोड़ रुपये थी।
तिमाही में मुनाफा गिरने के बावजूद अशोक लीलैंड के शेयर में तेजी है। शेयर बीएसई पर 26 जुलाई को सुबह बढ़त के साथ 235 रुपये पर खुला। इसके बाद यह पिछले बंद भाव से 7 प्रतिशत तक चढ़ा और 248.80 रुपये के हाई तक चला गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। कारोबार बंद होने पर शेयर करीब 6 प्रतिशत मजबूत होकर 246.35 रुपये पर सेटल हुआ।
Ashok Leyland का मार्केट कैप ₹72300 करोड़ के पार
कंपनी का मार्केट कैप 72300 करोड़ रुपये पर है। बीएसई पर शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड 255.65 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 209.25 रुपये है। सर्किट लिमिट 10 प्रतिशत है। जून 2024 के आखिर तक कंपनी में प्रमोटर्स के पास 51.52 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 48.48 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
अप्रैल-जून 2024 तिमाही नतीजों के बाद अंतर्राष्ट्रीय ब्रोकरेज नोमुरा, अशोक लीलैंड के शेयर के लिए बुलिश है। ब्रोकरेज ने 247 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस के साथ 'बाय' रेटिंग दी है। विश्लेषकों ने कहा है कि इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) कारोबार से मुनाफा होने की संभावना है। कंपनी ने सभी बिजनेस यूनिट्स में लगातार मजबूत मांग की बात कही है। इससे भी सेंटिमेंट पॉजिटिव हुआ है। ब्रोकरेज फर्म UBS ने शेयर के लिए रेटिंग को 'न्यूट्रल' से बढ़ाकर 'बाय' कर दिया है। साथ ही टारगेट प्राइस 190 रुपये प्रति शेयर से बढ़ाकर 280 रुपये प्रति शेयर कर दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।