Asian Paints Shares: एशियन पेंट्स के शेयरों में आज 19 दिसंबर को कारोबार के दौरान 3 फीसदी से अधिक की गिरावट आई। शेयर का भाव टूटकर 2,265.35 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गया। यह अप्रैल 2021 के बाद यानी पिछले करीब 3 सालों का इसका सबसे निचला स्तर है। यह गिरावट ऐसे समय में आई है, जब कंपनी के 2 सीनियर अधिकारियों ने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया है।
देश की सबसे बड़ी पेंट कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बताया कि उसके मैनेजमेंट के 2 सीनियर सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया है। इसमें होम इंप्रूवमेंट, डेकोर, सर्विसेज एंड रिटेलिंग के वाइस-प्रेसिडेंट, श्याम स्वामी और रिटेल सेल्स, कमर्शियल एंड मार्केटिंग के वाइस प्रेसिडेंट विशु गोयल शामिल हैं।
एशियन पेंट्स ने कहा, "...यह सूचित किया जाता है कि विशु गोयल - एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट, रिटेल सेल्स, कमर्शियल एंड मार्केटिंग, ने कंपनी की सेवाओं से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा 17 दिसंबर 2024 को स्वीकार कर लिया गया और वह 17 दिसंबर 2024 को कारोबारी समय की समाप्ति से कंपनी के कर्मचारी और सीनियर मैनेजमेंट के सदस्य नहीं रहेंगे।"
वहीं एक दूसरी नियामकीय फाइलिंग में कंपनी ने कहा, "...यह सूचित किया जाता है कि श्याम स्वामी - वाइस प्रेसिडेंट, होम इंप्रूवमेंट, डेकोर, सर्विसेज एंड रिटेलिंग ने कंपनी की सेवाओं से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा 17 दिसंबर 2024 को स्वीकार कर लिया गया और वह 17 दिसंबर 2024 को कारोबारी समय की समाप्ति से कंपनी के कर्मचारी और सीनियर मैनेजमेंट के सदस्य नहीं रहेंगे।" हालांकि कंपनी ने उनके इस्तीफे के पीछे के कारणों को लेकर कोई जानकारी नहीं दी।
एशियन पेंट्स ने यह भी कहा कि उसने आशीष राय को 2 जनवरी, 2025 से एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट- रिटेल सेल्स, मार्केटिंग और कमर्शियल के पद पर नियुक्त किया है। राय फिलहाल प्रोजेक्ट सेल्स के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट हैं। इसके अलावा गगनदीप कलसी, एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट - स्ट्रैटेजी, बिजनेस डेवलपमेंट भी 23 दिसंबर, 2024 से डेकोर और सर्विसेज संभालेंगे।
बता दें कि एशियन पेंट्स के शेयरों में इस साल अबतक करीब 30 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। यह कंपनी के इतिहास का अबतक सबसे खराब प्रदर्शन है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।