Ather Energy Share Price: एथर एनर्जी के शेयरों में 4 अगस्त को बाजार खुलते ही पंख लग गए। शेयर 16 फीसदी तक उछल गए। बाद में तेजी थोड़ी सुस्त पड़ी। इसकी वजह कंपनी के जून तिमाही के नतीजे हैं। इस दौरान कंपनी का प्रदर्शन अच्छा रहा। कंपनी का लॉस घटकर जून तिमाही में 51 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 178 करोड़ रुपये का लॉस हुआ था। एथर एनर्जी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स बनाती है।
जून तिमाही में रेवेन्यू 89 फीसदी बढ़ा
Ather Energy का रेवेन्यू जून तिमाही में साल दर साल आधार पर 89 फीसदी बढ़कर 1,217 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 645 करोड़ रुपये था। सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शंस, चार्जिंग, एक्सेसरीज, स्पेयर्स और सर्विसेज से कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर कुल रेवेन्यू का 14 फीसदी हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में यह 13 फीसदी था। जून तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग लॉस घटकर 33 करोड़ रुपये रह गया।
जून तिमाही में ईवी टू-व्हीलर्स की सेल्स दमदार
जून तिमाही में इलेक्ट्रिक EV की डिमांड स्ट्रॉन्ग रही। वाहन डेटा के मुताबिक, साल दर साल आधार पर जून तिमाही में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बिक्री साल दर साल आधार पर 68 फीसदी बढ़कर 5.25 लाख यूनिट्स हो गई। टू-व्हीलर्स EV के मार्केट में एथर एनर्जी का मुकाबला ओला, टीवीएस मोटर, बजाज ऑटो और हीरो मोटोकॉर्प से है। इनमें हीरो मोटोकॉर्प, बजाज ऑटो और टीवीएस मोटर टू-व्हीलर्स मार्केट की सबसे बड़ी कंपनियां हैं।
HSBC ने खरीदने की सलाह बनाए रखी है
ब्रोकरेज फर्म HSBC ने Ather Energy के शेयरों को 'खरीदने' (Buy) की अपनी सलाह बनाए रखी है। लेकिन, उसने शेयर का टारगेट प्राइस बढ़ाकर 1,450 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि जून तिमाही में कंपनी के उम्मीद से बेहतर मार्जिन की वजह खर्च में कमी है। उसे एथर एनर्जी की वॉल्यूम ग्रोथ और बाजार हिस्सेदारी स्ट्रॉन्ग रहने की उम्मीद है। कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ने का फायदा मिलेगा। उसने यह भी कहा है कि एथर के शेयरों की वैल्यूएशन प्रीमियम पर है, लेकिन इसके स्ट्रॉन्ग EV ब्रांड और एग्जिक्यूशन को देखते हुए इसे ज्यादा नहीं कहा जा सकता।
नोमुरा ने शेयर के लिए 17,14 रुपये का टारगेट प्राइस दिया
विदेशी ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने भी एथर एनर्जी के शेयरों को खरीदने की अपनी सलाह बनाए रखी है। उसने भी टारगेट प्राइस बढ़ाकर 1,714 रुपये कर दिया है। उसने कहा है कि जून तिमाही में कंपनी का EBITDA मार्जिन -2.7 फीसदी रहा, जो उसके -5.6 फीसदी के अनुमान से काफी बेहतर है। हालांकि, इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 1,210 करोड़ रुपये रहा, जो नोमुरा के 1,180 करोड़ के अनुमान के करीब है।
सीएलएस ने भी दी है शेयर को खरीदने की सलाह
CLSA ने भी एथर एनर्जी के शेयर पर 'आउटपरफॉर्म' की राय दी है। उसने शेयर के लिए 1,600 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। उसने कहा है कि जून तिमाही में कंपनी का वॉल्यूम साल दर साल आधार पर 81 फीसदी बढ़ा, इंडस्ट्री की 68 फीसदी वॉल्यूम ग्रोथ से ज्यादा है। एबिड्टा मार्जिन भी 319 बेसिस प्वाइंट्स बढ़कर -2.7 फीसदी हो गया।
शेयर ने इस सला सिर्फ 7 महीने में पैसा दोगुना किया
4 अगस्त को 11:30 बजे Ather Energy के शेयर का प्राइस 14.88 फीसदी चढ़कर 1,462 रुपये पर चल रहा था। 2026 में अब तक यह शेयर 97.98 फीसदी चढ़ा है। इसका मतलब है कि इसने करीब 7 महीने में निवेशकों का पैसा दोगुना कर दिया है। 4 अगस्त को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव दिखा।