इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली एथर एनर्जी लिमिटेड के शेयरों में 31 अगस्त को लगातार दूसरे दिन बढ़त दर्ज की गई। BSE पर शेयर दिन में पिछले बंद भाव से लगभग 6 प्रतिशत तक उछला और 52 वीक का नया हाई 1704.10 रुपये क्रिएट किया। बाद में शेयर 4 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 1678.20 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी ने शनिवार को बेंगलुरु में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर 'कोणार्क' (Konarc) लॉन्च किया था। इसके बाद ब्रोकरेज फर्म एथर के स्टॉक पर पॉजिटिव हैं। कोणार्क इलेक्ट्रिक स्कूटर की शुरुआती कीमत 99,999 रुपये है।
इसका प्रोडक्शन एथर की होसुर फैसिलिटी में शुरू होगा। डिलीवरी सितंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है। Konarc S रेंज में 4 वेरिएंट हैं, जिनकी IDC रेंज 100 km, 125 km, 161 km और 200 km है। 125 km और 161 km वाले वेरिएंट्स की डिलीवरी सितंबर 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। वहीं 100 km और 200 km वाले वेरिएंट्स कैलेंडर ईयर 2027 की पहली और तीसरी तिमाही में लॉन्च किए जाएंगे। 125 km और 161 km रेंज वाले दो Konarc Z वेरिएंट कैलेंडर ईयर 2027 की दूसरी तिमाही में लॉन्च किए जाएंगे।
ब्रोकरेज की Ather Energy पर राय
एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने एथर एनर्जी के शेयर पर "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है और 2,200 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि अगले 3 से 4 वर्षों में यह स्टॉक मौजूदा स्तर से दोगुना हो सकता है। नए मॉडल के बारे में एमके ग्लोबल ने कहा कि 'कोणार्क' में ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई फीचर्स दिए गए हैं।
कंपनी की औरंगाबाद इंडस्ट्रियल सिटी (AURIC) फैसिलिटी में दिसंबर या मार्च तिमाही से कामकाज बढ़ने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2028 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर 2027) तक इसके पूरी क्षमता से काम शुरू कर देने की संभावना है। पूरी क्षमता से काम करने पर इस फैसिलिटी से हर महीने 42,000 यूनिट्स का उत्पादन होने की उम्मीद है।
होसुर प्लांट की भी बढ़ाई जाएगी क्षमता
एमके ग्लोबल ने कहा कि एथर एनर्जी ने अपनी होसुर फैसिलिटी में क्षमता को हर महीने 6,000-10,000 यूनिट्स तक और बढ़ाने का संकेत दिया है। यह प्लांट अभी मांग का केवल 50 प्रतिशत ही पूरा कर पा रहा है। कंपनी ने यह भी संकेत दिया है कि वह EL प्लेटफॉर्म पर बेस्ड कई नए मॉडल विकसित करेगी और वित्त वर्ष 2028 में मोटरसाइकिल प्लेटफॉर्म पेश कर सकती है। नए EL प्लेटफॉर्म का व्हीलबेस 1,352 mm है। इसमें 14-इंच का फ्रंट व्हील और 100 mm का सस्पेंशन स्ट्रोक है। साथ ही सीक्वेंशियल गियर-ड्राइव ट्रांसमिशन और बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम भी है।
Ather Energy का शेयर एक साल में 273 प्रतिशत मजबूत
एथर एनर्जी को MSCI स्मॉल कैप इंडेक्स में शामिल किया जाने वाला है। कंपनी का मार्केट कैप 66200 करोड़ रुपये से ज्यादा है। यह मई 2025 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 2980.76 करोड़ रुपये का था। एक साल में शेयर 273 प्रतिशत और 6 महीनों में 136 प्रतिशत चढ़ा है। 3 महीनों में कीमत 74 प्रतिशत और एक महीने में 33 प्रतिशत उछली है। केवल एक सप्ताह में यह 15 प्रतिशत की तेजी दर्ज कर चुका है। कंपनी में 20 जुलाई 2026 तक प्रमोटर्स के पास 39.58 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
हीरो मोटोकॉर्प ने सिंगापुर सरकार से खुले बाजार में 1,758 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर एथर एनर्जी में हिस्सेदारी बढ़ाकर 32.8 प्रतिशत कर ली है। हीरो मोटोकॉर्प, एथर की प्रमोटर कंपनियों में से एक है। एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, हीरो मोटोकॉर्प ने एथर के 1,18,80,000 शेयर 1,758.24 करोड़ रुपये में खरीदे।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।