Avenue Supermarts Q1 Update: डी मार्ट (D-Mart) के नाम से रिटेल स्टोर चलाने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) ने सोमवार को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2023) को लेकर एक बिजनेस अपडेट जारी किया। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका स्टैंडअलोन रेवेन्यू 18 फीसदी बढ़कर 11,584.44 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 9,806.89 करोड़ रुपये रहा था। वहीं इससे पहले वित्त वर्ष 2021 की पहली तिमाही और वित्त वर्ष 2020 की पहली तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू क्रमशः 5,031.75 करोड़ रुपये और 3,833.23 करोड़ रुपये रहा था।
एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि 30 जून तक डी-मार्ट के स्टोर्स की कुल संख्या 327 थी। बता दें कि एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने पहली तिमाही के लिए अभी सिर्फ एक बिजनेस अपडेट जारी किया है और इस तिमाही के वित्तीय नतीजे अभी आने बाकी है।
इससे पहले मार्च तिमाही में, एवेन्यू सुपरमार्ट्स का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 460 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में रहे 427 करोड़ रुपये के मुनाफे से 8 फीसदी अधिक था।
वहीं एवेन्यू सुपरमार्ट्स का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू मार्च तिमाही में 10,594 करोड़ रुपये रहा था, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में रहे 8,786 करोड़ रुपये के रेवेन्यू से 21 फीसदी अधिक था।
इस बीच एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर सोमवार 3 जुलाई को बीएसई पर 0.63 गिरकर 3,865.35 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 9.02 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पिछले एक साल में इसके शेयरों का भाव 10.31 फीसदी बढ़ा है।