Axis Bank Share Price: वैश्विक मार्केट से कमजोर संकेतों की आंच आज घरेलू स्टॉक मार्केट में भी दिखी। निफ्टी 50 (Nifty 50) की वीकली एक्सपायरी के दिन मार्केट में बिकवाली का दबाव दिखा। इन सबके बीच प्राइवेट सेक्टर लेंडर एक्सिस बैंक के मैनेजमेंट ने अपने आउटलुक में बदलाव किया तो इसके शेयर 5% से अधिक फिसल गए। बिकवाली का दबाव इतना तेज रहा कि निचले स्तर पर भी शेयर संभल नहीं पाए। आज बीएसई पर यह 5.03% की गिरावट के साथ ₹1219.65 के भाव (Axis Bank Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 5.22% टूटकर ₹1217.10 तक आ गया था। आज यह निफ्टी 50 के टॉप लूजर्स में शुमार है।
क्या कहा Axis Bank के मैनेजमेंट का?
एक्सिस बैंक के शेयरों को नेट इंटेरेस्ट मार्जिन (NIM) में रिकवरी में देरी के अनुमान से झटका लगा। बैंक का कहना है कि पहले जो अनुमान था, बैंक के एनआईएम को रिकवर होने में उससे अधिक समय लग सकता है। बैंक ने अपने आउटलुक में बदलाव किया है। बैंक का कहना है कि एनआईएम को रिकवर होने में इस वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही या अगले वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही तक का समय लग सकता है, जबकि पहले इस वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही तक इसके रिकवर होने की उम्मीद थी।
सिटी रिसर्च से बातचीत में मैनेजमेंट ने कहा कि मार्जिन शैलो, सी-शेप्ड रिकवरी पाथ पर हो सकता है और अगले 15-18 महीने में 3.8% एनआईएम का लक्ष्य रखा गया है जोकि इस वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2025 में 3.73% था। सिटी ने इसकी न्यूट्रल रेटिंग को बरकरार रखा है और टारगेट प्राइस ₹1,285 पर फिक्स किया है।
ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि कॉरपोरेट सेगमेंट आगे बढ़ रहा है और रिटेल बिजनेस भी रिकवर हो रहा है लेकिन यह कितनी टिकाऊ है, इस पर नजदीकी नजर रहेगी। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो पर दबाव हल्का हो रहा है, पर्सनल लोन ग्रोथ भी स्थिर हो रहा है और एक्सपोर्ट से जुड़े एमएसएमई में अब कोई दबाव नहीं दिख रहा है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि एग्रीकल्चरल साइकल के चलते तीसरी तिमाही यानी अक्टूबर-दिसंबर 2025 में स्लिपेज में थोड़ी उछाल दिख सकती है लेकिन पहली तिमाही की तुलना में यह कम रह सकती है। सिटी का यह भी कहना है कि नियर टर्म में फी-टू-एसेट रेश्यो अनुकूल बना हुआ है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
एक्सिस बैंक के शेयर पिछले साल 27 जनवरी 2025 को ₹934.00 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह 10 महीने में 39.61% उछलकर 27 नवंबर 2025 को ₹1304.00 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।