कल आरबीआई (RBI) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने क्रेडिट पॉलिसी की घोषणा करते हुए रेपो रेट को 35 बेसिस प्वाइंट बढ़ाकर 6.25% कर दिया। इससे बैंक द्वारा लिये गये लोन की ईएमआई बढ़ जाने की उम्मीद जताई गई थी। बैंकिंग शेयरों में इसका एक्शन आज देखने को मिल रहा है। प्राइवेट सेक्टर के एक्सिस बैंक (Axis Bank) के शेयरों ने आज लाइफटाइम हाई लेवल हिट किया। वीकली एक्सपायरी के दिन के इंट्रा-डे ट्रेड में बीएसई पर एक्सिस बैंक का शेयर 1 प्रतिशत की तेजी के साथ 923.70 रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। स्टेबल आउटलुक पर इस शेयर ने पिछले तीन दिनों में 3 प्रतिशत की बढ़त हासिल की।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने Axis Bank पर खरीदारी की रेटिंग दी है। उन्होंने इसके शेयर का लक्ष्य 1,000 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि इस बैंक का रिस्क एडजस्टेड बिजनेस ग्रोथ पर फोकस है। मार्जिन ट्रैजेक्टरी में सुधार से इसका वैल्यूएशन बढ़ेगा। इससे रिटर्न रेशियो में सुधार होगा।
रेटिंग एजेंसियों की बात करें तो CRISIL रेटिंग्स और इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च (Ind-Ra) ने एक्सिस बैंक के इन्फ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड्स पर स्टेबल आउटलुक दिया है। उन्होंने इस पर AAA रेटिंग दी है।
एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स के अनुसार एक्सिस बैंक अपने अच्छे एसेट क्वालिटी को बनाए रखने में सक्षम होगा। इसे भारत में स्थिर व्यापक आर्थिक स्थितियों और बैंक के सुविकसित रिस्क मैनेजमेंट से सपोर्ट मिलेगा। रेटिंग एजेंसी ने कहा कि इसका स्टेबल आउटलुक बैंक की मजबूत बाजार स्थिति, पर्याप्त पूंजी बफर और स्टेबल डिपॉजिट बेस को दर्शाता है।
बता दें कि एक्सिस बैंक भारत का तीसरा सबसे बड़ा प्राइवेट सेक्टर का बैंक है। Axis Bank की सितंबर 2022 तक 11.8 लाख करोड़ रुपये की बैलेंस शीट रही है। बैंक की पूरे भारत में 4,760 शाखाएं हैं। इसमें पूरे भारत से बड़ी संख्या में ग्राहक जुड़े हैं। बैंक द्वारा दिये गये कुल लोन में रिटेल और एसएमई का लगभग 69 प्रतिशत है।
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।)