Bajaj Auto Share Price: बजाज ऑटो के शेयरों में 22 जुलाई को जबर्दस्त तेजी दिखी। सुबह में शेयर मजबूत खुले। उसके बाद 4 फीसदी तक उछल गए। 11 बजे शेयर का प्राइस 3.91 फीसदी चढ़कर 10,810 रुपये चल रहा था। इससे यह निफ्टी 50 का सबसे ज्यादा चढ़ने वाला शेयर बन गया। शेयरों में तेजी की वजह कंपनी के जून तिमाही के नतीजे हैं। कंपनी ने 21 जुलाई को जून तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। नतीजे बाजार की उम्मीद से बेहतर हैं।
इस साल 13 फीसदी चढ़ा है बजाज ऑटो का शेयर
Bajaj Auto का शेयर 21 जुलाई को नतीजों के बाद गिरा था। हालांकि, 2026 में यह स्टॉक 13 फीसदी चढ़ा है। इस दौरान निफ्टी 50 में 7.5 फीसदी गिरावट आई है। बजाज ऑटो का मार्केट कैपिटलाइजेशन 2.91 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। खास बात यह है कि 22 जुलाई को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में बड़ी गिरावट के बावजूद बजाट ऑटो के शेयरों में तेजी दिखी।
ब्रोकरेज फर्मों को आगे भी प्रदर्शन बेहतर रहने की उम्मीद
ब्रोकरेज फर्मों की जून तिमाही के नतीजों के बाद बजाज ऑटो के शेयरों पर पॉजिटिव राय है। उनका कहना है कि कमोडिटी कॉस्ट बढ़ने के बावजूद बजाज ऑटो का प्रदर्शन जून तिमाही में शानदार रहा। बजाज ऑटो का प्रदर्शन निर्यात के मोर्चे पर भी अच्छा है। इधर, घरेलू बाजार में भी दोपहियों की मांग अच्छी है। कंपनी आगे कई नए मॉडल लॉन्च करने वाली है। इससे ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा।
जून तिमाही में कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 46 फीसदी बढ़ा
बजाज ऑटो का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट जून तिमाही में साल दर साल आधार पर 45.9 फीसदी बढ़कर 3,225.63 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेशंस से कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 65 फीसदी बढ़कर 21,688.83 करोड़ रुपये रहा। स्टैंडएलोन आधार पर भी जून तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा। बजाज ऑटो के शेयरों ने बीते एक साल में 30 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया है।
22 जुलाई को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में गिरावट
22 जुलाई को शेयर बाजारों पर दबाव देखने को मिला। निफ्टी 50 कमजोर खुला। 11:10 बजे यह 0.68 फीसदी यानी 167 अंक गिरकर 24,019 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.80 फीसदी यानी 619 अंक की कमजोरी के साथ 76,852 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी और मिडकैप इंडेक्स में भी गिरावट दिखी। इस हफ्ते यह शेयर बाजार में गिरावट का लगातार तीसरा दिन है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।