मार्केट में गिरावट की आंधी 25 अक्टूबर को बजाज ऑटो पर भी भारी पड़ी। अगस्त के बाद पहली बार यह स्टॉक 10,000 रुपये से नीचे आ गया। एक समय यह स्टॉक 4 फीसदी गिरकर 9,925 रुपये तक आ गया था। हालांकि, बाद में यह कुछ हद तक संभलने में सफल रहा। 2:04 बजे यह 2.35 फीसदी की गिरावट के साथ 1,060 पर चल रहा था। यह स्टॉक हाल में 12,774 रुपये तक पहुंच गया था। उसके बाद इसमें 22 फीसदी गिरावट आई थी।
नतीजों के ऐलान के बाद शेयरों में गिरावट
पिछले हफ्ते Bajaj Auto ने सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था। इसके बाद इसके शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी। हालांकि इसका रेवेन्यू किसी एक तिमाही में सबसे ज्यादा था। इसके बावजूद शेयरों में गिरावट आई। उसके बाद कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर ने कहा था कि उन्हें कंपनी के शानदार प्रदर्शन का भरोसा है। उन्होंने यहां तक कहा था कि कीमतें गिरने के बाद वह खुद बजाज ऑटो का शेयर खरीदने जा रहे है। उन्होंने यह भी कहा था कि यह स्टॉक 20,000 रुपये तक जाएगा।
बीते 12 महीनों में 100 फीसदी चढ़ा शेयर
बजाज ने यह भी कहा था कि शेयरों में गिरावट की कोई बड़ी वजह नहीं है। कंपनी का प्रदर्शन बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा था कि 12 महीनों में 100 फीसदी चढ़ने के बाद शेयरों में किसी न किसी समय गिरावट आनी तय थी। इस बीच, ट्रेडबुल्स के सच्चिदानंद उत्तरेकर ने कहा कि बजाज ऑटो का शेयर करेक्शन के फेज में है। इस स्टॉक को अभी अपने 200 DEMA पर सपोर्ट उपलब्ध है। यह लेवल 9,400 रुपये का है। इस स्टॉक के ट्रेंड को देखकर ऐसा लगता है कि यह ओवरसोल्ड जोन में है। इसका मतलब है कि इसमें मौजूदा लेवल से ज्यादा गिरावट की उम्मीद नहीं है।
यह भी पढ़ें: शेयर मार्केट Crash होता रहा तो रिटेल इनवेस्टर्स को क्या करना चाहिए?
14,665 रुपये तक जा सकता है स्टॉक
उत्तरेकर ने कहा कि ट्रेडर्स Bajaj Auto के शेयरों के 9,600-9,400 रुपये तक आ जाने पर लॉन्ग पोजीशन बना सकते हैं। उन्हें वीकली क्लोजिंग बेसिस पर 9,310 के नीच स्टॉपलॉस लगाना होगा। बजाज ऑटो के शेयर स्टेबल बेस बनाने के बाद फिर से चढ़ना शुरू करेंगे। यह स्टॉक पहले 12,200 तक जा सकता है। उसके बाद आने वाली तिमाहियों में यह 14,665 रुपये जाने की कोशिश करेगा। कंपनी का प्रदर्शन अच्छा है। बजाज इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर बड़ा दांव लगा रही है। आगे उसे इसका फायदा मिलना तय है।