FMCG कंपनी बजाज कंज्यूमर केयर का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 85 प्रतिशत बढ़ गया। आंकड़ा 70.74 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले 38.28 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 341.56 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2025 तिमाही में 273.38 करोड़ रुपये था। खर्च 262.34 करोड़ रुपये के रहे, जबकि जून 2025 तिमाही में ये 235.17 करोड़ रुपये के थे।
कंपनी अगस्त 2010 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। Bajaj Consumer Care हेयर केयर, स्किन केयर और हाइजीन सेगमेंट में प्रोडक्ट्स की पेशकश करती है। बजाज आल्मंड ड्रॉप्स, बजाज ब्राह्मी आम्ला, बजाज सरसों तेल, बजाज 100% कोकोनट ऑयल, बजाज आंवला एलोवेरा, बजाज गुलाब जल इसी कंपनी के प्रोडक्ट हैं।
बजाज कंज्यूमर केयर का कहना है कि पश्चिम एशिया संकट की वजह से आई रुकावटों के बावजूद, इंटरनेशनल बिजनेस ने कम बेस के बाद भी एक मजबूत तिमाही देखी। लीडरशिप और डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर्स में बदलाव के बाद इसने जबरदस्त वापसी की है। नेपाल और बांग्लादेश जैसे मुख्य बाजारों में रेवेन्यू में लगातार डबल-डिजिट ग्रोथ देखी गई।
Bajaj Consumer Care के शेयर में आई गिरावट
मुनाफे में शानदार बढ़ोतरी सामने आने के बावजूद बजाज कंज्यूमर केयर के शेयर में 13 जुलाई को गिरावट है। शेयर दिन में पिछले बंद भाव से लगभग 2.5 प्रतिशत तक टूटा। BSE पर भाव 651.55 रुपये के लो तक गया। हालांकि बीच में यह 3.4 प्रतिशत उछला और 691.15 रुपये पर 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 8600 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है।
शेयर एक साल में 183 प्रतिशत चढ़ा
शेयर एक साल में 183 प्रतिशत और 6 महीनों में 133 प्रतिशत मजबूत हुआ है। 3 महीनों में भाव लगभग 57 प्रतिशत और 2 सप्ताह में 10 प्रतिशत चढ़ा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 42.97 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड लो 220.05 रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।