D-Mart Share Price: Q1 में ​मुनाफा बढ़ने के बावजूद शेयर 4% तक फिसला; अब खरीदें, बेचें या करें होल्ड?

D-Mart Share Price: Q1 के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 11.33 प्रतिशत बढ़ गया। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 15 प्रतिशत बढ़ गया। एवेन्यू सुपरमार्ट्स के बोर्ड ने नॉन-कनवर्टिबल डिबेंचर जारी करके 1000 करोड़ रुपये तक का फंड जुटाने को मंजूरी दी है

अपडेटेड Jul 13, 2026 पर 1:45 PM
जून 2026 तिमाही के दौरान Avenue Supermarts का EBITDA 1499 करोड़ रुपये रहा।

दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी की कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयरों में 13 जुलाई को दिन में 4 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। BSE पर शेयर 3910 रुपये के लो तक गया। कंपनी के अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद शेयर में बिकवाली का दबाव है। एवेन्यू सुपरमार्ट्स, D-Mart सुपरमार्केट चेन की ओनर है। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 11.33 प्रतिशत बढ़कर 860.61 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 772.97 करोड़ रुपये था।

ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 18,794.53 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो जून 2025 तिमाही में 16,359.70 करोड़ रुपये था। जून 2026 तिमाही के दौरान EBITDA 1499 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 1299 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन 8 प्रतिशत दर्ज किया गया। जून 2025 तिमाही में 7.9 प्रतिशत था। कुल खर्च सालाना आधार पर 15.11 प्रतिशत बढ़कर 17,637.17 करोड़ रुपये के रहे।

एवेन्यू सुपरमार्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) अंशुल असावा का कहना है कि 2 साल या उससे अधिक पुराने डी-मार्ट स्टोरों की वृद्धि दर जून 2026 तिमाही में 5.5 प्रतिशत रही। एक साल पहले यह 7.1 प्रतिशत थी। बड़े महानगरों में पुराने स्टोरों की वृद्धि दर स्थिर रही। छोटे शहरों में स्टोरों में बढ़ोतरी अच्छी बनी हुई है। जून 2026 तिमाही के दौरान डी-मार्ट ने 3 नए स्टोर जोड़े, जिसके बाद स्टोर्स की कुल संख्या 503 हो गई है।


Avenue Supermarts जुटाएगी 1000 करोड़

एवेन्यू सुपरमार्ट्स के बोर्ड ने नॉन-कनवर्टिबल डिबेंचर जारी करके 1000 करोड़ रुपये तक का फंड जुटाने को मंजूरी दी है। इन ​डिबेंचर्स को प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर एक या एक से अधिक राउंड में जारी किया जाएगा। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 74.51 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। D-Mart की मौजूदगी महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, NCR, तमिलनाडु, पंजाब और राजस्थान में है।

एवेन्यू ई-कॉमर्स के CEO विक्रम दासू के मुताबिक, कंपनी ने अपने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 'DMart Ready' के जरिए जून तिमाही में 7 शहरों में कामकाज बंद कर दिया। 30 जून, 2026 तक DMart Ready 11 शहरों में काम कर रहा था।

Instamart पर FSSAI का शिकंजा: 9 नोटिस के बाद दबाव में Swiggy का शेयर, 2.5% तक लुढ़का

ब्रोकरेज की राय

शेयर में गिरावट के बाद कंपनी का मार्केट कैप घटकर 2.60 लाख करोड़ रुपये रह गया है। शेयर BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। तिमाही नतीजों के बाद ICICI Securities ने शेयर को 'होल्ड' करने की सलाह दी है। टारगेट प्राइस घटाकर 4200 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज ने कहा कि 7 शहरों से DMart Ready का निकलना और 11 शहरों तक मौजूदगी सीमित करना यह दिखाता है कि कंपनी बड़े पैमाने पर विस्तार करने के बजाय यूनिट इकोनॉमिक्स को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही है। साथ ही शहरी बाजारों में अपना मार्केट शेयर भी बनाए रखना चाहती है। मेट्रो मार्केट में अच्छी रिकवरी के बिना, स्ट्रक्चरल ग्रॉस मार्जिन बढ़ने की गुंजाइश कम है।

ICICI Securities ने FY26-28E के दौरान एवेन्यू सुपरमार्ट्स का रेवेन्यू 16.5 प्रतिशत CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट), EBITDA 17.4 प्रतिशत CAGR और शुद्ध मुनाफा 18.9 प्रतिशत CAGR से बढ़ने का अनुमान जताया है। गोल्डमैन सैक्स ने 4,000 रुपये के टारगेट के साथ अपनी 'सेल' रेटिंग बरकरार रखी है। उसका मानना ​​है कि मेट्रो स्टोर में सेल्स ग्रोथ में कोई बदलाव नहीं होना क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म से बढ़ते कॉम्पिटिशन की ओर इशारा करता है। जेपी मॉर्गन ने अपनी 'न्यूट्रल' रेटिंग बनाए रखी, जबकि टारगेट प्राइस घटाकर 4,250 रुपये कर दिया।

सिटी ने 3,400 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ अपनी 'सेल' रेटिंग दोहराई है। ब्रोकरेज ने डीमार्ट रेडी ऑपरेशंस में कमी, कमजोर सब्सिडियरी ग्रोथ और ऑनलाइन बिजनेस से ज्यादा नुकसान की ओर इशारा किया। सिटी ने अपने FY27-FY29 के रेवेन्यू अनुमानों में 4-6% और कमाई के अनुमानों में 5-7% की कटौती की है। जेफरीज ने 'होल्ड' रेटिंग के साथ और 4,500 रुपये का टारगेट प्राइस बरकरार रखा है। मोतीलाल ओसवाल ने 4,800 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ 'बाय' रेटिंग दोहराई है। कहा है कि प्रॉफिट मोटे तौर पर उम्मीदों के मुताबिक था। स्टोर्स में बढ़ोतरी कंपनी की लॉन्ग टर्म ग्रोथ की मुख्य ड्राइवर बनी हुई है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।