Bajaj Housing Q3 Results: बजाज ग्रुप की दिग्गज हाउसिंग कंपनी Bajaj Housing Finance Ltd ने सोमवार को दिसंबर तिमाही (Q3 FY26) के अपने मजबूत नतीजे जारी किए। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर 665 करोड़ रुपये पहुंच गया। मुनाफे में यह बढ़त मजबूत लोन ग्रोथ और बेहतर नेट इंटरेस्ट इनकम की वजह से देखने को मिली।
नेट इंटरेस्ट इनकम में तगड़ा उछाल
तिमाही के दौरान बजाज हाउसिंग की नेट इंटरेस्ट इनकम 19 प्रतिशत बढ़कर 963 करोड़ रुपये रही। वहीं कुल आय में 24 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 1,153 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। इससे साफ है कि लोन बुक के विस्तार का सीधा फायदा कंपनी की कमाई पर पड़ा है।
बजाज हाउसिंग का बैलेंस शीट साइज लगातार बढ़ता रहा। 31 दिसंबर 2025 तक एसेट्स अंडर मैनेजमेंट सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 1,33,412 करोड़ रुपये हो गया। इसी अवधि में लोन एसेट्स भी 23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,17,305 करोड़ रुपये तक पहुंच गए।
ग्रेच्युटी का वन-टाइम असर
दिसंबर तिमाही में बजाज हाउसिंग के ऑपरेटिंग एक्सपेंसेज 9 प्रतिशत बढ़कर 139 करोड़ रुपये रहे। कंपनी ने बताया कि इसमें 13.14 करोड़ रुपये का एकमुश्त असर शामिल है। यह असर 21 जनवरी 2025 को जारी सरकारी नोटिफिकेशन के बाद ग्रेच्युटी देनदारी बढ़ने के चलते पड़ा है।
एसेट क्वालिटी स्थिर, NPA में हल्का सुधार
बजाज हाउसिंग की एसेट क्वालिटी तिमाही के दौरान स्थिर बनी रही। दिसंबर के अंत तक ग्रॉस एनपीए 0.27 प्रतिशत रहा, जबकि एक साल पहले यह 0.29 प्रतिशत था। वहीं नेट एनपीए घटकर 0.11 प्रतिशत रह गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 0.13 प्रतिशत था।
प्रोविजनिंग और कैपिटल पोजीशन मजबूत
स्टेज 3 एसेट्स पर प्रोविजनिंग कवरेज रेशियो करीब 59 प्रतिशत रहा। इसके अलावा, टियर-2 कैपिटल को शामिल करते हुए कंपनी का कैपिटल एडिक्वेसी रेशियो तिमाही के अंत में मजबूत स्तर 23.15 प्रतिशत पर बना रहा, जो बैलेंस शीट की मजबूती को दिखाता है।
बजाज हाउसिंग के शेयरों का हाल
Bajaj Housing Finance Ltd के शेयर तिमाही नतीजों से पहले सोमवार को 0.07% की मामूली बढ़त के साथ ₹89.8 पर बंद हुए। हालांकि, मौजूदा स्तर पर यह स्टॉक अपने ₹188.5 के ऑल टाइम हाई से अब तक 53 प्रतिशत से ज्यादा टूट चुका है। पिछले 1 महीने में बजाज हाउसिंग का स्टॉक 7.06% गिरा है। वहीं, 1 साल में यह 22.28% नीचे आया है। कंपनी का मार्केट कैप 74.69 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।