बंधन बैंक के शेयर में 13 अक्टूबर को तूफानी तेजी दिखी। 11:15 बजे बैंक का शेयर 7.40 फीसदी चढ़कर 170 रुपये पर चल रहा था। इससे यह मंगलवार को सबसे ज्यादा चढ़ने वाला मिडकैप स्टॉक बना गया। इस तेजी की वजह एक खबर है। इसके मुताबिक, अबुधाबी की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (आईएचसी) उन संभावित इनवेस्टर्स में शामिल है, जो बैंक की प्रमोटर कंपनी बंधन फाइनेंशियल सर्विसेज (बीएफएसएल) में हिस्सेदारी खरीद सकते हैं।
आईएचसी अबुधाबी की कंपनी है
IHC का संबंध शेख ताहनून बिन जायद अल-नाहयान से है, जो अबुधाबी के डिप्टी रूलर हैं। वह यूएई के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी हैं। बीएफएसएल में निवेश को लेकर आईएचसी बातचीत कर रही है। इकोनॉमिक टाइम्स ने मंगलवार को मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से यह खबर दी। इस खबर के मुताबिक, बीएफएसएल अपनी 25-32 फीसदी हिस्सेदारी बेचना चाहती है। संभावित निवेशकों की तलाश का काम उसने जेफरीज को सौंपा है।
पुरने इनवेस्टर्स को एग्जिट का मौका
अगर यह ट्रांजेक्शन होता है तो बंधन बैंक के पुराने संस्थागत निवेशकों को एग्जिट करने का मौका मिलेगा। इनमें सिंगापुर की जीआईसी और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन (IFC) जैसे इनवेस्टर्स शामिल हैं। इनकी बंधन बैंक में करीब 30.3 फीसदी इनवेस्टमेंट की वैल्यू 50-60 करोड़ डॉलर हो सकती है। BFSL ने रीस्ट्रक्चरिंग का एक बड़ा प्लान तैयार किया है। मनीकंट्रोल ने इस बारे में पिछले हफ्ते बताया था।
बीएफएसएल की शेयरहोल्डिंग में आएगा बदलाव
जीआईसी की अपनी इनवेस्टमेंट इकाई कैलेडियम इनवेस्टमेंट के जरिए BFSL में 16.7 फीसदी हिस्सेदारी है। IFC की बीएफएसएल में 13.59 फीसदी हिस्सेदारी है। दोनों ने 2014 के बाद बंधन बैंक में यह निवेश किया है। अब दोनों अपनी हिस्सेदारी बेचना चाहती हैं। इस रीस्ट्रक्चरिंग से बीएफएसएल की शेयरहोल्डिंग में बदलाव आएगा। BFSL की सब्सिडियरी Bandhan Financial Holdings की बंधन एएमसी में करीब 60 फीसदी हिस्सेदारी है। बाकी हिस्सेदारी GIC और क्रिसकैपियल की है।
बंधन फाइनेंशियल होल्डिंग की 37% हिस्सेदारी
बंधन बैंक में बंधन फाइनेंशियल होल्डिंग की जून 2026 में 37.5 फीसदी हिस्सेदारी थी। बैंक को मिले लाइसेंस की शर्तों के मुताबिक प्रमोटर को बैंक में अपनी हिस्सेदारी 2030 तक घटाकर 26 फीसदी तक करनी होगी। बैंक में हिस्सेदारी की बिक्री से प्रमोटर को इस नियम का पालन करने में मदद मिलेगी, जबकि बीएफएसएल में निवेश से होल्डिंग कंपनी के मौजूदा शेयरहोल्डर्स को लिक्विडिटी मिलेगी।
बीते छह महीनों में 17 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है शेयर
बंधन बैंक का शेयर बीते छह महीनों में 17.55 फीसदी चढ़ा है। इस दौरान निफ्टी में 5.52 फीसदी और सेंसेक्स में 5.76 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि, 13 अक्टूबर को लगातार दूसरे सत्र शेयर बाजारों में अच्छी तेजी देखने को मिली। निफ्टी 0.72 फीसदी यानी 162 अंक चढ़कर 22,523 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.72 फीसदी यानी 506 अंक के उछाल के साथ 72,427 पर था। बैंक निफ्टी में भी 0.52 फीसदी की तेजी दिखी।