Bank Nifty Outlook: एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और केनरा बैंक (Canara Bank) जैसे बैंकिंग शेयरों में खरीदारी के दम पर बैंक निफ्टी ने आज जोरदार वापसी की। लगातार दो कारोबारी दिनों में 1% से अधिक की गिरावट के बाद आज यह करीब 1% रिकवर हो गया। इसके साथ ही फिर इसने 60 हजार का लेवल पार कर दिया। फिलहाल यह 0.93% की बढ़त के साथ 60,744.45 पर है। निफ्टी बैंक के 14 में से 12 स्टॉक्स ग्रीन हैं और जो दो स्टॉक्स- एसबीआई (SBI) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) लाल हैं, उनमें भी गिरावट आधे फीसदी से कम ही है।
Bank Nifty पर स्टॉकवाइज क्या है स्थिति?
14 बैंकों के दिग्गज स्टॉक्स का निफ्टी इंडेक्स बैंक निफ्टी लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद आज ग्रीन हुआ है। इसे सबसे तगड़ा सपोर्ट एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और केनरा बैंक (Canara Bank) से मिला है जिनके शेयर आज 2-2% से अधिक ऊपर चढ़े हैं। वहीं एक्सिस बैंक (Axis Bank) और बैंक ऑफ बड़ौदा के भी शेयर करीब 2-2% मजबूत दिख रहे हैं। इनके अलावा आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (IDFC First Bank), एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Small Finance Bank) और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के शेयरों में भी 1% से अधिक तेजी आई है। साथ ही यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI), इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank), फेडरल बैंक (Federal Bank), कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) और यस बैंक (Yes Bank) भी ग्रीन जोन में हैं। वहीं एसबीआई (SBI) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) रेड जोन में हैं लेकिन गिरावट आधे फीसदी से कम ही है।
क्या कहना है एक्सपर्ट्स का?
घरेलू ब्रोकरेज फर्म एसबीआई सिक्योरिटीज के प्रमुख (टेक्निकल और डेरिवेटिव रिसर्च) सुदीप शाह का कहना है कि पिछले चार कारोबारी दिनों में बैंक निफ्टी 431 प्वाइंट्स की रेंज में ऊपर-नीचे हुआ और अब इसने इस कंसालिडेट जोन के निचले लेवल को तोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इस ब्रेकडाउन के साथ एक बेयरेश डेली कैंडल बना। वहीं RSI (रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्श) 60 के आस-पास स्थिर था जो नीचे की तरफ आने लगा तो अहम सपोर्ट एरिया में बुल्स की पकड़ कमजोर हो रही है।
सुदीप शाह के मुताबिक फिलहाल बैंक निफ्टी के लिए तात्कालिक सपोर्ट 20-दिनों के ईएमए जोन 60,000–59,900 पर है। अगर बैंक निफ्टी इस लेवल को नीचे तोड़कर टिकता है तो यह 59,500 तक फिसल सकता है और शॉर्ट टर्म में तो यह 59 हजार तक गिर सकता है। वहीं अपसाइड 60,500–60,600 का लेवल तात्कालिक रेजिस्टेंस के तौर पर काम कर रहा है। फिलहाल बैंक निफ्टी इसी रेजिस्टेंस लेवल के ऊपर बना हुआ है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।