Bank of Maharashtra Q2: पब्लिक सेक्टर के बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने आज 15 अक्टूबर को FY25 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट 44.28 फीसदी बढ़ गया है। बैंक ने इस अवधि में 1327 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक पिछले साल की समान तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट 919.75 करोड़ रुपये था। वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 1293.68 करोड़ रुपये था।
Bank of Maharashtra का NII 15% बढ़ा
सितंबर तिमाही के दौरान बैंक ऑफ महाराष्ट्र की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 2432 करोड़ रुपये की तुलना में 15 फीसदी बढ़कर 2806.8 करोड़ रुपये हो गई।
बैंक की एसेट क्वालिटी में तिमाही आधार पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसका ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) पिछली तिमाही के 1.85 फीसदी की तुलना में सितंबर तिमाही में 1.84 प्रतिशत रहा। फाइलिंग से पता चला कि सितंबर तिमाही में नेट एनपीए 0.2 फीसदी रहा और इसमें भी जून तिमाही की तुलना में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
Bank of Maharashtra के शेयरों का प्रदर्शन
नतीजों का इस सरकारी बैंक के शेयरों पर कुछ खास असर नहीं दिखा। इस समय यह स्टॉक BSE पर 0.22 फीसदी की बढ़त के साथ 54.28 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। स्टॉक का 52-वीक हाई 73.50 रुपये और 52-वीक लो 38.69 रुपये है। आज की बढ़त के साथ बैंक का मार्केट कैप 41,788 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले एक साल में स्टॉक ने महज 15 फीसदी का रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।