दिग्गज फुटवियर कंपनी बाटा इंडिया (Bata India) को करोड़ों का टैक्स नोटिस मिला है। इसका झटका शेयरों पर भी दिखा लेकिन कंपनी की सफाई पर निवेशकों में भरोसा लौटा और अब यह ग्रीन जोन में है। बाटा को तमिलनाडु में 60 करोड़ रुपये से अधिक का टैक्स नोटिस मिला है और कंपनी ने आज एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। इसके चलते इंट्रा-डे में BSE पर यह 0.68 फीसदी टूटकर 1627.95 रुपये तक आ गया था लेकिन फिर कंपनी की सफाई के चलते इस लेवल से यह 1.64 फीसदी रिकवर होकर 1666.00 रुपये पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी नरमी आई लेकिन अभी भी यह ग्रीन जोन में है। दिन के आखिरी में बीएसई पर यह 0.09 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 1640.55 रुपये (Bata Share Price) पर बंद हुआ है।
