Cement Sector Stocks: केंद्रीय बैंक आरबीआई (RBI) ने आज लगातार तीसरी बार रेपो रेट में कोई भी बदलाव नहीं करने का ऐलान किया। मार्केट एक्सपर्ट डॉ रवि सिंह के मुताबिक आरबीआई के इस फैसले से रियल्टी सेक्टर को सपोर्ट मिलेगा। इससे सीमेंट सेक्टर को भी फायदा मिलेगा। घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने सीमेंट सेक्टर के पांच शेयर सुझाए हैं जिसमें मौजूदा लेवल पर पैसे लगाकर 28 फीसदी मुनाफा कमा सकते हैं। इसमें आदित्य बिड़ला ग्रुप की भी सीमेंट कंपनी शामिल है। चेक करें कि इनमें से आपके पोर्टफोलियो में कौन शेयर शामिल है और इनमें निवेश के लिए टारगेट प्राइस क्या है।
डालमिया भारत के शेयर आज बीएसई पर 0.96 फीसदी की गिरावट के साथ 1991.65 रुपये (Dalmia Bharat Share Price) पर बंद हुआ है। ब्रोकरेज फर्म ने इसमें निवेश के लिए 2400 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है जो मौजूदा लेवल से 20 फीसदी से भी अधिक है। पिछले साल 17 अक्टूबर 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 1,478.05 रुपये पर था। इसके बाद 8 महीने में 55 फीसदी उछलकर यह 2,289.45 रुपये के एक साल के हाई पर पहुंच गया। इस हाई से फिलहाल यह 13 फीसदी नीचे है।
बिड़ला कॉरपोरेशन में मौजूदा भाव पर पैसे लगाकर 22 फीसदी मुनाफा कमा सकते हैं। इसके शेयर आज बीएसई पर 1.77 फीसदी की गिरावट के साथ 1195.70 रुपये (Birla Corporation Share Price) पर बंद हुए हैं। 27 फरवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 843.05 रुपये पर था। इसके बाद 4 महीने में यह 50 फीसदी उछलकर एक साल के हाई 1266.00 रुपये पर पहुंच गया। इस हाई लेवल से फिलहाल यह करीब 6 फीसदी नीचे है।
जेके सीमेंट के शेयर आज बीएसई पर 1.63 फीसदी की गिरावट के साथ 3314.60 रुपये पर बंद हुए हैं। ब्रोकरेज के मुताबिक इस लेवल से यह 10 फीसदी से अधिक ऊपर चढ़कर 3360 रुपये पर पहुंच सकता है। पिछले साल 17 अक्टूबर 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 2,425.55 रुपये पर था। इसके बाद 8 महीने में यह 43 फीसदी चढ़कर 28 जून 2023 को एक साल के हाई 3,467.00 रुपये पर पहुंच गया। इस हाई से फिलहाल यह 4 फीसदी से भी ज्यादा नीचे है।
ग्रासिम के शेयर आज 0.78 फीसदी की गिरावट के साथ बीएसई पर 1830.50 रुपये पर बंद हुए हैं और ब्रोकरेज के मुताबिक इस लेवल से यह 12 फीसदी उछलकर 2250 रुपये पर पहुंच सकता है। इसके शेयर 16 मार्च 2023 को एक साल के निचले स्तर 1,528.00 रुपये पर थे। इसके बाद पांच महीने में यह 22 फीसदी से अधिक उछलकर एक साल के हाई 1,867.00 रुपये पर पहुंच गया। इस हाई से फिलहाल यह 2 फीसदी नीचे है।
जेके लक्ष्मी सीमेंट के शेयर पिछले साल 23 अगस्त को एक साल के निचले स्तर 450.70 रुपये पर थे। इसके बाद चार महीने में यह 99 फीसदी उछलकर 14 दिसंबर 2022 को 897.00 रुपये की रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। इस हाई लेवल से फिलहाल यह 29 फीसदी डाउनसाइड है। आज बीएसई पर यह 2.18 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है। हालांकि ब्रोकरेज के मुताबिक इस लेवल से यह 28 फीसदी से अधिक उछलकर 820 रुपये पर पहुंच सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।