ऑटो कंपोनेंट और इक्विपमेंट बनाने वाली भारत फोर्ज (Bharat Forge) के शेयरों में 5 मार्च को दिन में लगभग 4 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 1914.85 रुपये के हाई तक गया। बाद में शेयर 3 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 1899.35 रुपये पर सेटल हुआ। शेयर में खरीद बढ़ने के दो अहम कारण हैं। पहला यह कि कंपनी के बोर्ड ने अनसिक्योर्ड रुपया टर्म लोन के जरिए 800 करोड़ रुपये तक का फंड जुटाने को मंजूरी दे दी है। दूसरी अहम वजह यह है कि कंपनी के फरवरी में नॉर्थ अमेरिका से क्लास 8 ट्रक के शुरुआती नेट ऑर्डर बढ़कर 47,200 यूनिट पर पहुंच गए। FTR इंटेलिजेंस के डेटा के मुताबिक, यह मंथली बेसिस पर 47 प्रतिशत और सालाना आधार पर 159 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
ऑर्डर्स का यह आंकड़ा सितंबर 2022 के बाद सबसे ज्यादा है और लगातार तीसरा महीना है, जब पिछले साल इसी समय की तुलना में कुल ऑर्डर में 20 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। नॉर्थ अमेरिका का क्लास 8 ट्रक मार्केट फ्लीट कॉन्फिडेंस और फ्रेट डिमांड का एक अहम इंडिकेटर है। भारत फोर्ज का सबसे ज्यादा एक्सपोर्ट नॉर्थ अमेरिका को रहता है, खासकर कमर्शियल और इंडस्ट्रियल व्हीकल सेगमेंट में।
डेटा के मुताबिक, पिछले 12 महीनों में भारत फोर्ज के नॉर्थ अमेरिका से कुल ऑर्डर 2,58,466 यूनिट पर पहुंच गए। 2026 के ऑर्डर सीजन (सितंबर 2025-फरवरी 2026) में पिछले साल के मुकाबले 4 प्रतिशत की ग्रोथ हुई।
Bharat Forge शेयर 6 महीनों में 65 प्रतिशत चढ़ा
भारत फोर्ज के शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 90800 करोड़ रुपये है। 6 महीनों में शेयर 67 प्रतिशत चढ़ा है। 3 महीनों में इसने 35 प्रतिशत और एक महीने में 21 प्रतिशत की बढ़त देखी है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 44.07 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,928.80 रुपये और एडजस्टेड लो 919.10 रुपये है।
अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान भारत फोर्ज का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 2,083.66 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 288 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान रेवेन्यू 8,843.73 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 1,322.25 करोड़ रुपये रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।