Bharti Airtel Q2: टेलीकॉम सेक्टर की दिग्गज कंपनी भारती एयरटेल ने FY25 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट करीब तीन गुना बढ़ गया है। तिमाही के दौरान मुनाफा सालाना आधार पर 167 फीसदी बढ़कर 3593 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 1341 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था। हालांकि, यह बाजार के अनुमान से कम है। कंपनी के शेयरों में आज 0.05 फीसदी की मामूली गिरावट आई है और यह स्टॉक BSE पर 1663.65 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
Bharti Airtel के रेवेन्यू में 12 फीसदी की बढ़ोतरी
भारती एयरटेल ने 28 अक्टूबर को एक बयान में कहा कि नेट प्रॉफिट में यह उछाल भारत में मजबूत मोमेंटम और अफ्रीका में लगातार कॉस्टेंट करेंसी ग्रोथ के कारण हुआ। कंपनी का जुलाई-सितंबर में रेवेन्यू पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 12 फीसदी बढ़कर 41473 करोड़ रुपये हो गया। ब्रोकरेज अनुमानों के ब्लूमबर्ग पोल ने भारती एयरटेल के वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही के नेट प्रॉफिट को 4,398 करोड़ रुपये और रेवेन्यू को 41,256 करोड़ रुपये आंका था।
भारती एयरटेल का भारत में रेवेन्यू तिमाही में सालाना आधार पर 16.9 फीसदी बढ़कर 31,561 करोड़ रुपये हो गया, जिसकी वजह मोबाइल सर्विस सेगमेंट में 18.5 फीसदी की मजबूत वृद्धि रही, जिसे टैरिफ बढ़ोतरी और स्मार्टफोन की बढ़ती पहुंच से लाभ मिला।
तिमाही के लिए एयरटेल का कंसोलिडेटेड EBITDA 22021 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में 12 फीसदी अधिक है, जबकि EBITDA मार्जिन 53.1 फीसदी रहा। भारत के कारोबार ने EBITDA मार्जिन में 54.8 फीसदी की वृद्धि दर्ज की, जो पिछले साल की तुलना में 86 बेसिस प्वाइंट की वृद्धि है। कंसोलिडेटेड EBIT पिछले साल की तुलना में 10.7 फीसदी बढ़कर 10,996 करोड़ रुपये हो गया, जबकि EBIT मार्जिन 26.5 प्रतिशत रहा।
Bharti Airtel के ARPU में सुधार
सितंबर तिमाही के दौरान भारती एयरटेल के भारतीय कारोबार में अच्छी ग्रोथ देखी गई, जिसे मोबाइल सेगमेंट में बेहतर रियलाइजेशन से सपोर्ट मिला। टैरिफ बढ़ोतरी के चलते ARPU (एवरेज रेवेन्यू पर यूजर) में सुधार हुआ है। एयरटेल का इंडिया मोबाइल ARPU वित्त वर्ष 25 की दूसरी तिमाही के दौरान 233 रुपये तक पहुंच गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 203 रुपये था।
एयरटेल का कुल कस्टमर बेस 15 देशों में लगभग 563 मिलियन तक फैला हुआ है, जिसमें भारत में लगभग 407 मिलियन और अफ्रीका में 157 मिलियन ग्राहक हैं। भारतीय यूजर्स के बीच मोबाइल डेटा की खपत में 22.6 फीसदी की वृद्धि हुई, औसत मासिक उपयोग प्रति ग्राहक 23.9 जीबी तक पहुंच गया। कंपनी ने तिमाही के दौरान भारत में 4.2 मिलियन स्मार्टफोन डेटा ग्राहक जोड़े, जो इसके मोबाइल ग्राहक आधार का 75 फीसदी तक पहुंच गया। कंपनी ने 0.8 मिलियन पोस्टपेड नेट एडिशन की जानकारी दी। एयरटेल ने भी अपने नेटवर्क का विस्तार जारी रखा और तिमाही के दौरान करीब 5000 टावर और 15200 मोबाइल ब्रॉडबैंड स्टेशन जोड़े।