वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने भारती एयरटेल की सब्सिडियरी भारती हेक्साकॉम के स्टॉक पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। प्रति शेयर टारगेट प्राइस घटाकर 1880 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। यह शेयर की क्लोजिंग से 18 प्रतिशत ज्यादा है। ब्रोकरेज ने पहले 2110 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया था। भारती हेक्साकॉम लिमिटेड के शेयरों में 18 मार्च को तेजी है। शेयर की कीमत लगातार तीसरे सेशन में उछली है। BSE पर शेयर पिछले बंद भाव से 4 प्रतिशत तक चढ़कर 1598.90 रुपये के हाई तक गया। बाद में 1595 रुपये पर सेटल हुआ।
हालिया बढ़त के बावजूद, स्टॉक दबाव में बना हुआ है। यह कैलेंडर वर्ष 2026 में अब तक लगभग 12 प्रतिशत नीचे आया है। इस कमजोरी की वजह मोबाइल टैरिफ में बढ़ोतरी में देरी और वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए प्रति शेयर आय (EPS) के अनुमानों में 4-5% की कटौती को लेकर चिंताएं हैं।
बुल केस में ₹2510 तक दौड़ सकता है Bharti Hexacom शेयर
ब्रोकरेज जेफरीज का मानना है कि बुल केस में भारती हेक्साकॉम के शेयर की कीमत बढ़कर 2510 रुपये तक जा सकती है। इसका मतलब है कि मौजूदा लेवल से 57 प्रतिशत की बढ़त। ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 और वित्त वर्ष 2028 के दौरान टैरिफ में 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। वहीं अगर इस अवधि के दौरान टैरिफ में कोई बढ़ोतरी नहीं होती है तो स्टॉक गिरकर 1270 रुपये तक जा सकता है। यह मौजूदा लेवल से 20% की गिरावट है।
ब्रोकरेज का मानना है कि भारती हेक्साकॉम का शेयर भारत की टैरिफ सुधार की कहानी के बेसिस पर सबसे अच्छे दांवों में से एक बना हुआ है और इसमें रिस्क-रिवॉर्ड रेशियो आकर्षक है। हालांकि, जेफरीज को जून 2026 तक मुख्य टैरिफ में बढ़ोतरी की संभावना कम लगती है। इसके पीछे कारण है मिडिल ईस्ट में चल रही जंग से पैदा हुए जोखिम। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी लड़ाई से महंगाई बढ़ सकती है और टेलिकॉम कंपनियों की टैरिफ बढ़ाने की क्षमता सीमित हो सकती है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 और वित्त वर्ष 2028 के लिए कंपनी के आय के अनुमानों में भी 4-5% की कटौती की है।
अप्रैल 2024 में लिस्ट हुई थी कंपनी
भारती हेक्साकॉम के स्टॉक पर नजर रखने वाले 13 एनालिस्ट्स में से 8 ने 'बाय' रेटिंग दी है, दो ने 'होल्ड' की सलाह दी है, और 3 ने 'सेल' रेटिंग दी है। कंपनी का मार्केट कैप 79750 करोड़ रुपये है। कंपनी का 4,275 करोड़ रुपये का IPO अप्रैल 2024 में आया था और लगभग 30 गुना भरा था। शेयर BSE, NSE पर 12 अप्रैल 2024 को लिस्ट हुए थे। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 70 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।