BHEL को तेलंगाना टैक्स डिपार्टमेंट से राहत, ₹183.77 करोड़ की GST डिमांड खत्म; शेयर 3% चढ़ा

BHEL Share Price: अभी भी 1.43 करोड़ रुपये की बकाया टैक्स डिमांड बाकी है। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने कहा कि वह बाकी की टैक्स डिमांड के खिलाफ अपील करेगी। कंपनी में सरकार के पास सितंबर 2025 के आखिर तक 63.17 प्रतिशत हिस्सेदारी थी

अपडेटेड Jan 02, 2026 पर 4:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BHEL का शेयर 3 महीनों में लगभग 25 प्रतिशत चढ़ा है।

सरकारी इंजीनियरिंग कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के लिए एक अच्छी खबर आई है। तेलंगाना कमर्शियल टैक्स डिपार्टमेंट ने कंपनी के खिलाफ वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 183.77 करोड़ रुपये की GST डिमांड खत्म कर दी है। यह फैसला वित्त वर्ष 2021-22 के लिए पहले जारी की गई 184.55 करोड़ रुपये की GST डिमांड के कारण बताओ नोटिस के संबंध में है। BHEL ने शेयर बाजारों को बताया है कि नया आदेश तेलंगाना के असिस्टेंट कमिश्नर (स्टेट टैक्स) ने CGST/TGST एक्ट, 2017 के तहत जारी किया।

कंपनी ने कहा कि मामले पर फैसला करने वाली अथॉरिटी ने उसके पक्ष में फैसला सुनाया है और डिमांड का बड़ा हिस्सा खत्म कर दिया है। अभी भी 1.43 करोड़ रुपये की बकाया टैक्स डिमांड बाकी है। इसमें 78 लाख रुपये का टैक्स, 58 लाख रुपये का ब्याज और 7 लाख रुपये की पेनल्टी शामिल है। BHEL ने कहा कि वह बाकी की टैक्स डिमांड के खिलाफ अपील करेगी।

BHEL के शेयर में तेजी


2 जनवरी को BHEL के शेयर में तेजी है। BSE पर शेयर दिन में पिछले बंद भाव से 3 प्रतिशत उछलकर 300.85 रुपये के हाई तक गया। यह शेयर का 52 वीक का नया हाई है। बाद में यह 299.45 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर का 52 सप्ताह का निचला स्तर 176.00 रुपये है। शेयर 3 महीनों में लगभग 25 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल का रिटर्न 274 प्रतिशत है।

ICICI Securities ने शेयर के लिए 'Buy' रेटिंग बरकरार रखते हुए 370 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। प्रभुदास लीलाधर ने 'होल्ड' रेटिंग के साथ 250 रुपये प्रति शेयर का टारगेट सेट किया है।

सरकार के पास 63.17 प्रतिशत हिस्सेदारी

भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड में सरकार के पास सितंबर 2025 के आखिर तक 63.17 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी का जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 7511.80 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 367.67 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 28,339.48 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 512.97 करोड़ रुपये रहा।

जनवरी के लिए एक्सिस सिक्योरिटीज के टॉप पिक्स, 54% तक तेजी की गुंजाइश; SBI समेत ये नाम शामिल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।