शेयर बाजार धड़ाम! सेंसेक्स खुलते ही 1682 अंक तक लुढ़का; निवेशकों की दौलत से ₹7.27 लाख करोड़ साफ

सोमवार को सेंसेक्स लाल निशान में 75,937.16 पर खुला। इसी तरह निफ्टी भी 23,589.60 पर खुला। मार्केट खुलने के कुछ ही पलों के अंदर सेंसेक्स पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 4,44,78,877 करोड़ रुपये से भी नीचे चला गया

अपडेटेड Apr 13, 2026 पर 9:58 AM
Story continues below Advertisement
निफ्टी 495 अंक तक लुढ़ककर 23,555.60 के लो गया गया।

13 अप्रैल को शेयर बाजार जबरदस्त गिरावट के साथ खुले हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत बेनतीजा रहने से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को फिर से पार कर गई है। इसके चलते निवेशकों का सेंटिमेंट बिगड़ा है। सोमवार को सेंसेक्स लाल निशान में 75,937.16 पर खुला। इसी तरह निफ्टी भी 23,589.60 पर खुला। खुलने के कुछ पलों के अंदर ही सेंसेक्स ने पिछली क्लोजिंग से 1681.93 अंकों की बड़ी गिरावट देखी और 75,868.32 के लो तक चला गया। इन कुछ पलों में ही निवेशकों की दौलत से 7.27 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा साफ हो गए। निफ्टी 495 अंक तक लुढ़ककर 23,555.60 के लो गया गया।

शुक्रवार, 10 अप्रैल को आई तेजी से सेंसेक्स पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप बढ़कर 4,51,23,484.10 करोड़ रुपये हो गया था। सोमवार को मार्केट खुलने के कुछ ही पलों के अंदर यह घटकर 4,43,96,656.46 करोड़ रुपये से भी नीचे चला गया। पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम को लेकर शनिवार को पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच हुई 21 घंटे की बातचीत बेनतीजा रही। ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा कि अमेरिकी पक्ष की अत्यधिक मांगों के कारण बातचीत बिना किसी समझौते के खत्म हो गई।

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस ने कहा कि ईरान द्वारा अपने परमाणु कार्यक्रम से पीछे न हटने के कारण शांति समझौता नहीं हो सका। बातचीत के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जे डी वेंस ने ही किया। अब अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की नौसेना आज यानी 13 अप्रैल से महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी शुरू करेगी।


पिछले हफ्ते कितना उछला बाजार

10 अप्रैल को खत्म हुए पिछले कारोबारी सप्ताह में सेंसेक्स ने कुल 4,230.7 अंक या 5.77 प्रतिशत की छलांग लगाई। वहीं निफ्टी में 1,337.5 अंक या 5.88 प्रतिशत की बढ़त रही। शुक्रवार को सेंसेक्स 918.60 अंकों की बढ़त के साथ 77,550.25 पर और निफ्टी 275.50 अंकों की बढ़त के साथ 24,050.60 पर बंद हुआ। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख, अमेरिका-ईरान की बातचीत से पश्चिम एशिया संकट नरम पड़ने की उम्मीद, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, घरेलू शेयर बाजार में बैंक, वाहन और रियल्टी शेयरों में जोरदार खरीदारी से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।

Tata Capital का 6 महीने का लॉक-इन खत्म, 13 अप्रैल को ₹93700 करोड़ से ज्यादा के शेयर होंगे फ्री

ग्लोबल मार्केट्स का हाल

दूसरे एशियाई बाजारों में जापान के निक्केई, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी और हॉन्ग कॉन्ग के हेंग सेंग में 1 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट है। ताइवान वेटेड और शंघाई कंपोजिट भी लाल निशान में हैं। शुक्रवार को यूरोपीय बाजार फ्लैट रहे थे, जबकि अमेरिकी बाजार मामूली गिरावट में बंद हुए थे।

रुपये की चाल

रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 49 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.32 पर आ गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अस्थिर भू-राजनीतिक स्थिति के बीच अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने से रुपये पर दबाव बना हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.30 पर खुला। शुरुआती कारोबार में और कमजोर होकर 93.32 प्रति डॉलर पर आ गया। रुपया शुक्रवार को 32 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.83 पर बंद हुआ था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।