फार्मा सेक्टर की कंपनी बायो मेडिका लैबोरेटरीज की 29 मई को शेयर बाजार में एंट्री हो गई। शुरुआत निराशाजनक रही। शेयर NSE SME पर 20 प्रतिशत डिस्काउंट के साथ 111.20 रुपये पर लिस्ट हुआ। तुरंत ही इसमें और 5 प्रतिशत की गिरावट आई और 105.65 रुपये पर लोअर सर्किट लग गया। IPO प्राइस 139 रुपये प्रति शेयर था।
कंपनी का 52.43 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू 21 मई को खुला था और 25 मई को बंद हुआ। इसे कुल 2.26 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 15.94 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.30 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.92 गुना भरा।
बायो मेडिका लैबोरेटरीज फार्मास्यूटिकल पैरेंटरल फॉर्मूलेशंस बनाने में विशेषज्ञता रखती है। यह लिक्विड और सूखे-पाउडर वाले इंजेक्शन के रूप में एथिकल दवाओं, जेनेरिक दवाओं और ओवर-द-काउंटर (OTC) दवाओं का उत्पादन करती है। इंजेक्शन सिंगल-डोज और मल्टी-डोज, दोनों फॉर्मेट में उपलब्ध हैं। ये इंसान और जानवर के इलाज, दोनों क्षेत्रों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करते हैं।कंपनी के प्रमोटर मुकेश मेहता और प्रदीप मेहता हैं।
IPO के पैसे कैसे होंगे इस्तेमाल
बायो मेडिका लैबोरेटरीज अपने पब्लिक इश्यू में नए शेयरों के जरिए हासिल पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए, नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी लगाने के लिए, सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए और इश्यू पर आए खर्च की भरपाई के लिए करेगी।
Bio Medica Laboratories की वित्तीय सेहत
अप्रैल-नवंबर 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 28.63 करोड़ रुपये रही। इस बीच शुद्ध मुनाफा 8.66 करोड़ रुपये और EBITDA 13.45 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कुल इनकम 38.33 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 9.79 करोड़ रुपये और EBITDA 15.21 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।