Bondada Engineering IPO Listing: टेलीकॉम और सोलर एनर्जी इंडस्ट्री को सर्विसेज देने वाली दिग्गज कंपनी बोनदादा इंजीनियरिंग (Bondada Engineering) के शेयरों की आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म BSE SME पर शानदार एंट्री हुई। आईपीओ निवेशकों को यह शेयर 75 रुपये के भाव पर जारी हुआ है। इश्यू के तहत सिर्फ नए शेयर जारी हुए हैं। अब आज इसकी लिस्टिंग 142.50 रुपये के भाव पर हुई है यानी आईपीओ निवेशकों को 90 फीसदी लिस्टिंग गेन मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़ते हुए 149.62 रुपये (Bondada Engineering Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी लेवल पर यह बंद हुआ यानी कि आईपीओ निवेशक हर शेयर पर 74.62 रुपये यानी 99.49 फीसदी मुनाफे में हैं।
Bondada Engineering IPO को मिला था जबरदस्त रिस्पांस
बोनदादा इंजीनियरिंग का 42.72 करोड़ रुपये का आईपीओ 18-22 अगस्त तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था। ओवरऑल यह इश्यू 112.28 गुना भरा था। खुदरा निवेशकों का हिस्सा 100.05 गुना भरा था। इस इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 56.96 लाख इक्विटी शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए कंपनी ने जो पैसे जुटाए हैं, उसका इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
यह हैदराबाद की एक इन्फ्रॉस्ट्रक्चर फर्म है जो टेलीकॉम और सोलर एनर्जी इंडस्ट्री को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) और ऑपरेशन और मेंटेनेंस (O&M) सर्विसेज ऑफर करती है। टेलीकॉम सेक्टर में इसने 11600 से अधिक टॉवर और खंभे लगाए हैं जिसमें से 7700 तो पिछले तीन वित्त वर्ष में लगे हैं। यह ऑप्टिकल फाइबर केबल भी बिछाती है और पावर इक्विपमेंट भी मुहैया कराती है यानी कि टेलीकॉम इंफ्रा से जुड़ी ढेर सारी सर्विसेज मुहैया कराती है।
इसका प्लांट तेलंगाना के कीसरा मंडल में है। अब कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका शुद्ध मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 9.20 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल हुआ था जो अगले ही वित्त वर्ष में बढ़कर 10.13 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में बढ़कर 18.25 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।